राम जन्मभूमि मंदिर की सफाईकर्मी से सामूहिक दुष्कर्म, पहले होटल फिर गैराज में किया दुष्कर्म
अयोध्या : जिले में एक और गैंगरेप का मामला सामने आया है। रौनाही थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से तीन युवकों ने पखवारे भर तक अलग-अलग जगहों पर ले जाकर दुष्कर्म किया। छात्रा की तहरीर पर कैंट थाने की पुलिस ने 7 नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रौनाही थाना क्षेत्र की रहने वाली एक पीड़िता ने दर्ज एफआईआर में बताया कि वह बीए तृतीय वर्ष की छात्रा और राम जन्मभूमि मंदिर में सफाई कर्मी है। वह सहादतगंज निवासी वंश चौधरी नामक युवक को पिछले चार वर्ष से जानती है। 16 अगस्त को वंश चौधरी उसके दोस्त विनय और शारिक घूमाने के बहाने उसे अंगूरी बाग स्थित एक गेस्ट हाउस में ले गए। वहां तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वे लोग उसे बनवीरपुर स्थित एक गैराज में लेकर गए, जहां वंश चौधरी ने फिर से दुष्कर्म किया और उसके दोस्त शिवा ने नशे की हालत में उसके साथ छेड़छाड़ की। इस बीच वह आरोपियों के चंगुल में रही और 18 अगस्त की सुबह 11:00 बजे विनय ने उसे देवकाली बाईपास के पास छोड़ दिया। 22 व 23 अगस्त की रात वंश चौधरी व विनय ने उसी गैराज में उससे दुष्कर्म किया।
25 अगस्त की सुबह चार बजे उदित, वंश चौधरी, सत्यम और दो अज्ञात लोग उसे रामजन्मभूमि ले जाने के बहाने आए और रास्ते में सभी ने छेड़छाड़ की। इस वजह से गाड़ी भी डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गई तो सभी ने उसे नाका के पास छोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वंश, शारिक और चार अन्य आरोपी गिरफ्तार किए हैं। सातवें आरोपी विनय ने आज कोर्ट में सरेंडर करने की एप्लिकेशन दी है। दो अज्ञात की पहचान कराई जा रही है। मुख्य आरोपी वंश चौधरी सहादतगंज का रहने वाला है।
No comments