ट्रैक्टर के चपेट में आने से बालक की मौत
आजमगढ़ : फूलपुर कोतवाली में सोमवार की शाम ट्रैक्टर के चपेट में आने से एक बालक की मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर सहित फरार हो गया।
फूलपुर कोतवाली के मौना गांव निवासी आठ वर्षीय आदित्य पुत्र ओमप्रकाश क्षेत्र के फूलपुर-निजामाबाद मार्ग पर स्थित चमराडीह गांव में ननिहाल में रहता था। सोमवार की शाम लगभग पांच बजे घर से निकल कर दुकान पर टाफी खरीदने जा रहा था। सड़क पार करते समय ट्रैक्टर के चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना में बच्चे की मौत होते ही परिजनों के साथ ही ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आते देख चालक ट्रैक्टर सहित भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में मृत बालक के नाना सत्यदेव की तहरीर पर पुलिस ने फरार ट्रैक्टर चालक आशुतोष उर्फ पप्पू यादव पुत्र दशरथ यादव के खिलाफ देर रात में नामजद मुकदमा दर्ज किया।





No comments