होलिका गाड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद, आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग जाम
आजमगढ़ : जहानागंज थाना क्षेत्र में होलिका गाड़ने को लेकर बुधवार की सुबह दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद से आक्रोशित ग्रामीणों ने चंडेश्वर-खरिहानी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
सुंभी गांव में विगत 15 साल से जिस भूमि पर होलिका गाड़ी जाती थी, उसी के बगल की भूमि पर ग्रामीणों ने होलिका गाड़ दिया। इस बात की जानकारी जब उक्त भूमि के मालिक रामजनम यादव ग्राम करनपुर निवासी को हुई तो उन्होंने विरोध करते हुए इसकी शिकायत पुलिस के साथ ही प्रशासन से किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सुंभी बाजार में बुधवार की सुबह चक्काजाम कर दिया। जाम की खबर मिलने पर जहानागंज थानाध्यक्ष मनोज सिंह, चकबंदी व राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूर्व से निर्धारित स्थान पर होलिका गड़वा कर विवाद को खत्म करा दिया। एसओ के पहल पर एक घंटे बाद जाम समाप्त हो गया।
No comments