शौचालयों की जीओ टैगिंग में खराब प्रगति पाये जाने पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत बने हुए शौचालयों के जीओ टैगिंग के संबंध में एडीओ पंचायत के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकास खण्ड के अन्तर्गत ग्रामवार निर्मित शौचालयों की जीओ टैगिंग की संबंधित एडीओ पंचायत से जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी द्वारा ग्रामवार निर्मित शौचालयों की जीओ टैगिंग की खराब प्रगति पाये जाने पर कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए सभी संबंधित एडीओ पंचायत को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्मित हुए शौचालयों की एनजीटी कोड तथा जीओ टैगिंग की कार्यवाही एक सप्ताह के अन्दर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, नही तो निलम्बन की कार्यवाही की जायेगी।
जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत जहानागंज तथा पवईं को शौचालय की जीओ टैगिंग में खराब प्रगति पाये जाने पर जिला पंचायत राज अधिकारी को सम्बद्धिकरण करने का निर्देश दिया। इसी के साथ ही महराजगंज, फूलपुर के एडीओ पंचायत का चार्ज हटाकर किसी दूसरे को नामित करने के लिए भी निर्देश दिया। इसी के साथ ही साथ एडीओ पंचायत अजमतगढ़, मार्टीनगंज, मुहम्मदपुर, महराजगंज, पल्हनी तथा तहबरपुर के सचिवों को निलम्बन तथा प्रशासनिक कार्यवाही करने हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया।
विकास खण्ड फूलपुर के अन्तर्गत दरियापुर में निर्मित शौचालयों में 474 के सापेक्ष 19 जीओ टैगिंग, नौहरा में 429 के सापेक्ष 19, कैथौली में 508 के सापेक्ष 15, खान जहांपुर में 582 के सापेक्ष 11, विकास खण्ड सठियांव के अन्तर्गत बम्हौर में 581 के सापेक्ष 41, चकसीकरी में 453 के सापेक्ष 21, समेदा में 1621 के सापेक्ष 350, च्यूटही में 388 के सापेक्ष 34, खेमउपुर में 488 के सापेक्ष 69, विकास खण्ड अजमतगढ़ के अन्तर्गत में बासुपार में 411 के सापेक्ष शून्य, छपरा सुल्तानपुर में 376 के सापेक्ष 30, विकास खण्ड अतरौलिया में पकड़डीहा में 308 के सापेक्ष 25, बड़या में 289 के सापेक्ष 14, विकास तरवां के अन्तर्गत तरवां ग्राम में 1187 के सापेक्ष 23, नौरसिया में 593 के सापेक्ष 59, विकास खण्ड हरैया के अन्तर्गत नैनीजोर ग्राम में 618 के सापेक्ष 69, विकास खण्ड मेंहनगर में ग्राम पन्दहा में 370 के सापेक्ष 03, गौनी में 315 के सापेक्ष 18, हथौड़ी में 266 के सापेक्ष 50, विकास खण्ड पल्हना में ग्राम स्माइलपुर भरथीपुर में 326 के सापेक्ष 01, लहुआखूर्द में 629 के सापेक्ष 43 जीओ टैगिंग पायी गयी।
जिलाधिकारी ने उपरोक्त संबंधित एडीओ पंचायत को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्मित हुए शौचालयों की एन जीटी कोड तथा जीओ टैगिंग एक सप्ताह के अन्दर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। एक सप्ताह बाद पुनः समीक्षा की जायेगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डी0एस0 उपाध्याय, डीपीआरओ आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव, डीसी प्रीती सिंह, समस्त संबंधित एडीओ पंचायत तथा लेट्स डू पाजीटिव टीम के यशवन्त तथा उनकी टीम उपस्थित रहे।


No comments