सूरज प्रकाश टीम के साथ विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने मलेशिया के लिए रवाना, जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल ने दी शुभकामनाएं
आज़मगढ़ : जिले के पेंचक सिलाट मार्शल आर्ट्स के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज प्रकाश श्रीवास्तव का चयन मलेशिया में 26 से 31 जुलाई 2022 तक आयोजित 19वीं विश्व पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में देश की तरफ से खेलने के लिए भारतीय पेंचक सिलाट टीम में 80-85 किलो भारवर्ग में हुआ है। इस विश्व चैंपियनशिप में लगभग 60 देशों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इंडियन पेंचक सिलाट फेडरेशन की 36 सदस्यीय भारतीय टीम श्रीनगर में 21 दिन के प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत राजभवन, श्रीनगर में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के द्वारा मलेशिया के लिए झंडी दिखाकर रवाना की गई।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा की विश्व चैम्पियनशिप में भारत की तरफ से प्रतिभाग करना अपने आप में बहुत गर्व का विषय है, पूरे देश के सवा सौ करोड़ लोगों की शुभकामनाएं इस भारतीय पेंचक सिलाट टीम के साथ है। निश्चित ही यह टीम विजय हासिल कर इस खेल में भारत के लिए नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों व टीम प्रबंधन को जम्मू कश्मीर सरकार की तरफ से शुभकामनाएं।
टीम में सूरज प्रकाश श्रीवास्तव के साथ उत्तर प्रदेश के वाराणसी से शुभम जायसवाल भी शामिल हैं जो की 45- 50 किलो भार वर्ग में खेलने के लिए चयनित हुए हैं। तथा पूरे देश से कुल 36 खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों में इस चैंपियनशिप के लिए चयनित हुए है। इसमें कई खिलाड़ी सीमा सुरक्षा बल, राजस्थान पुलिस व जम्मू कश्मीर पुलिस के भी भारतीय टीम में शामिल हैं। टीम कोच के रूप में इंडियन पेंचक सिलाट फेडरेशन के डायरेक्टर जनरल मोहम्मद इक़बाल, इरफ़ान अजीज बुट्टा, महासचिव मुफ्ती हामिद यासीन शामिल हैं।
सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि इंडियन पेंचक सिलाट फेडरेशन के डायरेक्टर जनरल मोहम्मद इक़बाल, गुरु जसपाल सिंह अध्यक्ष पेंचक सिलाट खेल संघ उत्तर प्रदेश, पिताजी श्री सतीश चंद श्रीवास्तव व माता श्रीमती कुसुम लता श्रीवास्तव के आशीर्वाद से देश को प्रतिनिधित्व करने का अवसर मुझे प्राप्त हो रहा है।
ज्ञात हो कि सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने वर्ष 2019 में आयोजित विश्व बीच पेंचक सिलाट चैंपियनशिप, थाईलैंड में देश के लिए कांस्य पदक जीता था तथा गतवर्ष राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप व फेडरेशन कप दोनों में स्वर्ण पदक तथा इस वर्ष राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में कांस्य पदक व राष्ट्रीय फेडरेशन कप में रजत जीतकर जनपद व प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ा चुके हैं। इसी मेरिट के आधार पर इनका चयन पुनः भारतीय टीम में हुआ है।
सूरज प्रकाश श्रीवास्तव मूल रूप से जिले के तहबरपुर ब्लॉक के बीबीपुर कदीम गाँव के रहने वाले हैं तथा वर्तमान में शहर में कृष्णा नगर कॉलोनी, जमालपुर बाजबहादुर में निवास करते हैं। इनके पिता सतीश चंद श्रीवास्तव कलेक्ट्रेट में अधिवक्ता हैं। सूरज 12 वर्ष की आयु से ही मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहें हैं।
इनकी इस उपलब्धि पर माता कुसुमलता श्रीवास्तवा, बहन संध्या श्रीवास्तवा, असिस्टेंट कमांडेंट रविकांत श्रीवास्तव, डॉ सुनील चंद्र श्रीवास्तव ने खुशी जाहिर किया है तथा भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ, पेंचक सिलाट खेल संघ आज़मगढ़ के अध्यक्ष व भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री सहजानन्द राय, भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज ऋषिकांत राय, उपाध्यक्ष परितोष राय, नितिन गौड़, संदीप सिंह सोनू, विद्याधर श्रीवास्तव, राजीव प्रताप सिंह गप्पू, ज्ञानेन्द्र चौहान, शिवम तिवारी, शुभम पांडेय, दिनेश चौहान, गनेश कुमार गोंड, अभिषेक यादव, शुभम तिवारी, संदीप भारद्वाज, गुलशन राजभर सहित दर्जनों खेल प्रशंसकों ने इनके उज्ज्वल भविष्य सहित देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की कामना की है।
No comments