स्वच्छता में आजमगढ़ की बड़ी उपलब्धि : प्रदेश रैंकिंग में 71वें स्थान पर पहुँचा शहर
आजमगढ़ : स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में आजमगढ़ नगर पालिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में 249वें स्थान से छलांग लगाकर 71वां स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि नगर पालिका की ओर से शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) विवेक त्रिपाठी ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका ने बीते महीनों में कई प्रभावी कदम उठाए। इनमें प्रमुख रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था को मजबूत किया गया और शहर के अलग-अलग स्थानों पर कूड़ेदानों की स्थापना की गई।
स्वच्छता सर्वेक्षण में सुधार की दिशा में यह क्रम लगातार जारी रहा है। जहां वर्ष 2022 में आजमगढ़ की रैंकिंग 1160वीं थी, वहीं 2023 में यह सुधारते हुए 249वें स्थान पर पहुंची। इस बार हुए भौतिक सर्वे और विभिन्न संकेतकों पर मूल्यांकन के आधार पर आजमगढ़ को प्रदेश में 71वां स्थान मिला है। नगर पालिका ईओ ने इस सफलता को नगरवासियों के सहयोग और सफाईकर्मियों की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और भी बेहतर प्रयास किए जाएंगे ताकि राष्ट्रीय स्तर पर भी अच्छी रैंकिंग हासिल की जा सके।
No comments