शार्ट सर्किट से लगी कपड़े की दुकान में आग, करोड़ों का नुकसान
आजमगढ़ : नगर के मुख्य चौक के वेस्ली मार्केट में स्थित कपड़े की दुकान में सोमवार को बिजली के शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अग्निशमनकर्मियों ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया।
अहरौला थाना क्षेत्र के युधिष्ठिर पट्टी गांव के मूल निवासी जगदंबा प्रसाद सिंह पुत्र कौशल सिंह की शहर के वेस्ली मार्केट में रेमंड का शोरूम व साड़ी महल के नाम से कपड़े की दुकान है। शनिवार की रात को वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार को बंदी का दिन होने के चलते दुकान नहीं खुला। सोमवार की सुबह लगभग छह बजे बिजली के शार्ट सर्किट से उनकी दुकान में आग लग गई। कुछ देर बाद दुकान के अंदर से लोगों ने धुआं उठते देख दुकानदार के साथ ही पुलिस व अग्निशमन विभाग को फोनकर सूचना दी। सूचना पाकर अग्निशमन दल की एक गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंच गई। आग पर जब काबू नहीं मिला तो एक-एक कर फायर की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दल के कर्मियों ने पांच घंटे के अथक प्रयास के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया। दुकान में रखे कपड़े समेत फर्नीचर आदि सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित दुकानदार ने इस घटना में एक करोड़ की क्षति होना बताया है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments