Breaking Reports

ग्रामीणों को शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए होगा बड़ी टंकियों का निर्माण



आजमगढ़ : सगड़ी तहसील क्षेत्र के ब्लाक अजमतगढ़ के क्षेत्र पंचायत की बैठक शनिवार को ब्लाक सभागार में हुई। बैठक में 2019-20 की कार्ययोजना बनाने के लिए समस्त क्षेत्र पंचायत सदस्यों व प्रधानों से प्रस्ताव मांगे गए। साथ ही ब्लाक के रुके हुए विकास कार्यों को तेजी से कराने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जिले के अधिकारियों व प्रतिनिधियों के नहीं उपस्थित होने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। बैठक का मुख्य एजेंडा पिछली कार्रवाई की पुष्टि, कृषि, सहकारिता व सिंचाई विभाग के कार्यक्रम, राज्य वित्त, चौदहवां वित्त व जीपीडीपी, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ पेयजल मिशन आदि पर चर्चा की गई। बीडीओ दिलीप सोनकर ने कहा कि गांवों में स्वच्छ पेयजल के लिए बड़ी टंकियों का निर्माण किया जाएगा जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पानी की सप्लाई दी जा सके। वहीं चरागाहों व पोखरों का अब कायाकल्प किया जाएगा जो सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। अध्यक्षता प्रमुख वंदना सिंह व संचालन एडीओ पंचायत जेके सिंह ने किया। बैठक में शिवेश सिंह, दीपक यादव, रामानंद यादव, अजीत राय, हरकेश विश्वकर्मा आदि थे।

No comments