रात में पत्नी से झगड़ा कर घर से निकला युवक, सुबह मिला शव
आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र के इसहाकपुर गांव स्थित नहर पुलिया के समीप से शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव मिला। मृत युवक गुरुवार की रात को पत्नी से झगड़ा कर घर से निकला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के शेखवलिया गांव निवासी 28 वर्षीय इंद्रजीत राम पुत्र बिरजू राम खेती-बारी कर जीवन यापन करता था। परिजनों का कहना है कि गुरुवार की देर शाम किसी बात को लेकर पत्नी क्रांति देवी से उसका झगड़ा हुआ था। झगड़े से नाराज होकर वह रात में लगभग 10 बजे घर से बाइक पर सवार होकर निकला था। परिजनों ने समझा कि कहीं गया होगा, बाद में आ जाएगा। यह सोचकर परिजनों ने उसकी तलाश नहीं की। इधर शुक्रवार की सुबह मार्टीनगंज-सराय मोहन मुख्य मार्ग पर स्थित इसहाकपुर गांव के नहर पुलिया के समीप युवक का शव पड़ा देख ग्रामीण सन्न रह गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की छानबीन के दौरान उसकी जेब से नाम व पता लिखा हुआ कागज मिला। शव से लगभग 20 मीटर दूर बाइक भी लावारिस हालत में पुलिस ने बरामद किया। पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके एक पुत्र व एक पुत्री हैं। बरदह थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

No comments