Breaking Reports

डॉ. नन्हकू राम ने नए सीएमओ के रूप में संभाला कार्यभार, अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई होगी प्राथमिकता



आजमगढ़ : जिले में स्वास्थ्य विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। शासन द्वारा नियुक्त डॉ. नन्हकू राम वर्मा ने बुधवार शाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) पद का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने पूर्व सीएमओ डॉ. अशोक कुमार का स्थान लिया, जो 30 जुलाई को 62 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद पद से कार्यमुक्त कर दिए गए थे।

डॉ. अशोक कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद से सीएमओ कार्यालय में तैनात डॉ. अब्दुल अज़ीज़ को कार्यवाहक सीएमओ का कार्यभार सौंपा गया था। अब शासन ने स्थायी नियुक्ति करते हुए डॉ. वर्मा को जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी है।

बुधवार की शाम सीएमओ कार्यालय पहुंचकर डॉ. वर्मा ने सबसे पहले वहां कार्यरत सभी डिप्टी सीएमओ, चिकित्सकों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं, चालक संगठन की ओर से भी स्वागत किया गया।

अवैध हॉस्पिटलों पर होगी सख्त कार्रवाई

पत्रकारों से वार्ता में डॉ. नन्हकू राम वर्मा ने बताया कि जिले में संचालित अवैध हॉस्पिटलों पर सख्ती उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना उनका लक्ष्य रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

No comments