Breaking Reports

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर राज्य शिक्षक व कर्मचारी महा हड़ताल पर



आजमगढ़ : पुरानी पेंशन बहाली को लेकर बुधवार को राज्य शिक्षक व कर्मचारी हड़ताल पर रहे। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही कार्यालयों के समक्ष धरना देकर पुरानी पेंशन की बहाली की मांग की। उपेक्षा को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। यह आंदोलन 12 फरवरी तक चलेगा।
   सरकारी विभाग मसलन लोक निर्माण, सिंचाई, डीआरडीए, लघु सिंचाई, डीएसटीओ समेत अन्य दफ्तरों में कामकाज लगभग ठप रहा। निबंधन कार्यालय में जहां रजिस्ट्री प्रभावित हुई वहीं कोषागार में हड़ताल की वजह से पेंशनधारक सबसे अधिक परेशान दिखे। हड़ताल की जानकारी की वजह से फरियादियों की संख्या बहुत कम रही। गांव गिरांव से पहुंचे पेंशनार्थी पेंशन को लेकर दफ्तर का चक्कर लगाते रहे। अंत में उन्हें निराश लौटना पड़ा। बहुतायत स्कूलों में पढ़ाई पूरी तरह ठप रही तो वहीं सात फरवरी से शुरू होने वाले बोर्ड परीक्षा की तैयारी में भी बाधा आई। कर्मचारियों के बिना अधिकारी पूरी तरह से लाचार दिखे। हालांकि यूपी एस्मा यानी उत्तर प्रदेश अत्यावश्यक सेवाओं के अनुरक्षण अधिनियम-1966 का प्रभाव नहीं दिखा। इसकी धौंस की वजह से लोग दफ्तर जरूर पहुंचे, किंतु हड़ताल को पूरी तरह समर्थन करते रहे। धरना में पुरानी पेंशन बहाली मंच के रवींद्र प्रताप, संयोजक अभिमन्यु यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अनिता साइलेस, मंत्री राकेश मणि त्रिपाठी, शिक्षक महाविद्यालय संघ के अध्यक्ष डा. प्रवेश कुमार सिंह, महामंत्री अजीत प्रताप सिंह व डीआरडीए संघ के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव आदि शामिल थे।
  उत्तर प्रदेश कोषागार कर्मचारी संघ (राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद) के तत्वावधान में कोषागार कार्यालय पर धरना दिया गया। सदर तहसील परिसर में कर्मचारी, शिक्षक अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच की ओर से धरना प्रदर्शन, श्री दुर्गाजी पीजी कालेज चंडेश्वर में उत्तर प्रदेश महाविद्यालय शिक्षक इकाई संघ, जनपद के 22 ब्लाक के विकास खंड में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया।

No comments