Breaking Reports

आईटीआई कालेज में दो युवकों पर गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी कस्टडी रिमांड पर, पिस्टल बरामद



आजमगढ़ : आईटीआई कालेज में 23 जनवरी को दो युवकों पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपित को शहर कोतवाली पुलिस ने रविवार को कस्टडी रिमांड पर लिया।
   शहर कोतवाली क्षेत्र के हीरापट्टी मोहल्ला निवासी अंश सिंह उर्फ अमृत सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह व हिमांशु सिंह पुत्र देवतानंद सिंह को हमलावरों ने 23 जनवरी की दोपहर को आईटीआई कालेज परिसर में गोली मारकर घायल कर दिया था। इस घटना के संबंध में घायल अंश के दादा चेतनरायन सिंह ने शहर कोतवाली क्षेत्र के लछिरामपुर निवासी आदित्य सिंह पुत्र सुरेश सिंह, सुवेंद्र उर्फ बिट्टू सिंह, कोट मोहल्ला निवासी रोशन खान उर्फ ओसामा पुत्र अशफाक अहमद व सद्दाम के खिलाफ शहर कोतवाली में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी थी। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तभी से दबिश डाल रही थी। पुलिस के दबाव के चलते इस घटना के मुख्य आरोपित कोट मोहल्ला निवासी सद्दाम उर्फ खालिद व ओसामा उर्फ रोशन खान ने लगभग छह दिन पूर्व कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। शहर कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपित सद्दाम उर्फ खालिद को रविवार की सुबह दस बजे कस्टडी रिमांड में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के बाद बलरामपुर चौकी प्रभारी बृजेश सिंह ने सद्दाम की निशानदेही पर उक्त घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल को आईटीआई परिसर के झाड़ी से बरामद कर लिया।
    शहर कोतवाल विनय मिश्र ने कहा कि इस पुलिस की पकड़ से फरार चल रहे दो आरोपित आदित्य सिंह व सुवेंद्र सिंह के खिलाफ कोर्ट से एनवीडब्लू की कार्रवाई कराने में पुलिस जुटी हुई है।

No comments