पेड़ से लटकता मिला ब्लेड से जख्मी युवक का शव
आजमगढ़ : दीदारगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। वहीं युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के पल्थी गांव निवासी 19 वर्षीय दुर्गेश मौर्य पुत्र राम मिलन मौर्य दो साल से गुजरात रहता था। वह गुजरात से लगभग 20 दिन पूर्व घर आया हुआ था। दुर्गेश का ननिहाल इसी थाना क्षेत्र के समसपुर गांव में स्थित है। वह पंद्रह दिन पूर्व अपने मामा संतोष की दुकान संभालने के लिए ननिहाल गया था। मंगलवार की सुबह समसपुर गांव के सिवान में स्थित आम के बगीचा में मफलर के सहारे उसका शव पेड़ की डाल से लटका हुआ मिला। जब ग्रामीणों ने शव को देखा तो सन्न रह गए। ग्रामीणों की सूचना पर दीदारगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह व सब इंस्पेक्टर प्रभात चंद्र पाठक मौके पर पहुंचे। युवक की मौत की खबर जब परिजनों को मिली तो मां विजयलक्ष्मी व भाई-बहनों के चीख-पुकार से कोहराम मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि मृत युवक के बाएं हाथ में कलाई से लेकर कोहनी तक ब्लेड से कटने का लगभग 50 से अधिक जख्म मिले, जबकि उसके सीने पर भी ब्लेड का चीरा लगा हुआ मिला। वह तीन भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा था।
दीदारगंज थानाध्यक्ष का कहना है कि वह बचपन से ही ननिहाल में रहता था। उसकी दिमागी हालत भी ठीक नहीं थी, उसका इलाज चल रहा था। उसके जेब से ब्लेड का पांच-छह टुकड़ा भी बरामद हुआ है। उसने स्वयं अपना हाथ ब्लेड से काटा है।

No comments