मुठभेड़ के दौरान दो तस्कर प्रतिबंधित मांस के साथ गिरफ्तार
आजमगढ़ : सरायमीर थाने की पुलिस ने मंगलवार की सुबह बस्ती नहर पुलिया के समीप से मुठभेड़ के दौरान दो मांस तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे बाइक सवार दो तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
सरायमीर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ मांस तस्कर शेरवां गांव से प्रतिबंधित मवेशियों का मांस लेकर बखरा गांव की ओर जा रहे हैं। उक्त सूचना पर सरायमीर थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर शेर सिंह तोमर अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ बस्ती नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर खड़े थे। कुछ देर बाद दो बाइक पर सवार होकर चार व्यक्तियों को आते देख पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख मांस तस्कर फायर कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भाग रहे दो मांस तस्करों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे बाइक पर सवार दो अन्य तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पकड़े गए दोनों तस्करों के पास से पुलिस ने 25 किलो मांस बरामद किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने रौजा मोहल्ला निवासी गुफरान पुत्र बिस्मिल्लाह के घर पर छापा मारकर प्रतिबंधित मवेशी का 50 किलो मांस, मवेशी काटने के लिए रखा चापड़, चाकू, तराजू, बाट ठीहा आदि सामान बरामद किया। पकड़े गए मांस तस्करों में कलटू पुत्र रईस व सारिक पुत्र इस्तेखार कस्बा सरायमीर के मोहल्ला पठान टोला के निवासी हैं। फरार तस्करों में सरायमीर कस्बा के ही रौजा गांव निवासी गुफरान पुत्र बिस्मिल्लाह व फुरकान पुत्र गुफरान हैं।




No comments