आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई
आजमगढ़ : गुरुवार को पुलिस को दिशा-निर्देश देने के लिए एडीजी वाराणसी जोन पीबी रामाशास्त्री डीआइजी कार्यालय पर पहुंचे और पत्र प्रतिनिधियों से बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव में पुलिस की मुकम्मल व्यवस्था रहेगी। इसमें किसी भी प्रकार की कहीं से कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। हर हाल में आचार संहिता का पालन कराया जाएगा। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एडीजी ने कहा कि लोकसभा चुनाव कराना पुलिस के लिए चुनौती है। इसके लिए पुलिस अधिकारियों को बेहतर मार्ग दर्शन दिया जा रहा है। हर स्थितियों से निबटने के लिए अभी से तैयारी की जा रही है। मतदान से पहले होली का त्योहार भी है। ऐसे में होली के त्योहार को भी सकुशल संपन्न कराना है। पुलिस के पास तमाम जिम्मेदारियां हैं। ऐसे में पुलिस अफसर रणनीति बनाकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ जेल में कुछ गतिविधियों की बात संज्ञान में है। जल्द ही इसका समाधान कर लिया जाएगा। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को हिदायत दी कि चुनाव में पूरी तरह अलर्ट रहें। खासकर आचार संहिता के विरुद्ध अगर कोई कार्य हो रहा है तो उसे हर हाल में न करने दिया जाए। खासकर चेकिग अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाए। शहर के आइटीआइ मैदान में गोली चलने के बाबत बताया कि इसे एसपी अपने स्तर से सुलझाएंगे। वह चुनाव व त्योहारों की समीक्षा करने आएं हैं। इस अवसर डीआइजी मनोज तिवारी, एसपी, सीओ के अलावा अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।

No comments