भाजपा के दोनों प्रत्याशी रिक्शा से जायेंगे नामांकन स्थल
आजमगढ़ : भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' फिल्मी अंदाज में रिक्शा चलाते हुए नामांकन स्थल तक जाएंगे। सबसे बड़ी बात यह होगी इस रिक्शे के पिछले सीट पर लालगंज संसदीय सीट (सुरक्षित) की भाजपा प्रत्याशी व सांसद नीलम सोनकर बैठी होंगी। दोनों प्रत्याशी शनिवार को नामांकन करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने बताया कि डीएवी कॉलेज के मैदान से 'निरहुआ' रिक्शा चलाकर कलेक्ट्रेट तक नामांकन पत्र दाखिल करने जाएंगे। जबकि सांसद नीलम सोनकर रिक्शा पर बैठी होंगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि नामांकन के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। सुबह 11 बजे नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद डीएवी कालेज के मैदान में जनसभा भी होगी। जिसे प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री संबोधित करेंगे। इस दौरान दोनों संसदीय क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, पार्टी के वरिष्ठ नेता व मंडल प्रभारियों के अलावा पदाधिकारी व कार्यकर्ता सुबह 10 बजे तक डीएवी कॉलेज के मैदान में एकत्र होंगे।


No comments