ओवर लोडिंग ट्रकों का चिन्हांकन कर करें कार्यवाही
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के क्रम में जनपद में कानून व्यवस्था शान्तिपूर्ण बनाये रखने हेतु जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि क्राइम तथा लाॅ आर्डर के बीच में बहुत बारीक अन्तर है, अतः समस्त उप जिलाधिकारी/क्षेत्राधिकारी/थानाध्यक्ष/तहसीलदार सचेत होकर कार्य करें।
इस अवसर पर उन्होंने समस्त एसओ को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में जो ट्रकें ओवर लोडिंग करते हुए आ रही हैं, उनका चिन्हांकन करते हुए कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। ओवर लोड के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जो दुर्घटना का कारण बनती है।
अवैध खनन की समीक्षा में जिलाधिकारी ने खनन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में कोई भी खनन का पट्टा अवैध नही होना चाहिए। उन्होंने खनन अधिकारी से मिट्टी खनन के बारे में जानकारी प्राप्त की, जिस पर खनन अधिकारी द्वारा बताया गया कि किसी भी किसान द्वारा अपनी जमीन पर समतलीकरण तथा कृषि कार्य हेतु या व्यक्तिगत कार्य हेतु दो मीटर मिट्टी का खनन कर सकता है। उन्होंने यह निर्देश दिया कि मिट्टी खनन के नियम और शर्त की विस्तृत सूचना समस्त उप जिलाधिकारी/क्षेत्राधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधीक्षण अभियन्ता विद्युत वितरण प्रथम खण्ड को निर्देशित करते हुए कहा कि जहां अवैध कनेक्शन चल रहे हैं उन क्षेत्रों में एक बैठक कराना सुनिश्चित करें। उसके बाद ही अवैध कनेक्शन काटने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। अवैध कनेक्शन काटने के साथ ही साथ उपभोक्ताओं को वैध कनेक्शन उपलब्ध करायें तथा यह भी देखें कि जो उपभोक्ता कनेक्शन धारक है, उसके मीटर के लोड की भी जांच करें। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि विद्युत कनेक्शन लेने के नियम व शर्त तथा शहरी/ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत यूनिट रेट की सूची समस्त उप जिलाधिकारी/क्षेत्राधिकारी/थानाध्यक्ष/तहसीलदार को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
राजस्व वादों के निस्तारण के मामले में जिलाधिकारी ने समस्त राजस्व के अधिकारियों से कहा कि राजस्व मामलों के निस्तारण करने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। राजस्व के मामलों में 80 से 90 प्रतिशत तक भूमि विवाद के मामले रहते हैं। उन्होने कहा कि भूमि विवाद से संबंधित ग्रामवार/थानावार रजिस्टर तैयार कर लें। इसी के साथ ही साथ उन्होने राजस्व तथा पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिये कि संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर भूमि विवाद के मामलों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि पुलिस तथा राजस्व की टीम आपस में समन्वय बनाकर राजस्व वादों का निस्तारण करें।
उन्होेने क्षेत्राधिकारी पुलिस/थानाध्यक्षों को निर्देश दिये कि आपके थाना क्षेत्र के अन्तर्गत जो असलहा धारक हैं, उनका थाने पर कैम्प लगाकर उनके असलहों का सत्यापन करें। इसी के साथ-साथ उन्होने कहा कि जो आम्र्स की दुकाने हैं, उन दुकानों के कारतूसों के लेखा-जोखा की भी जानकारी रखें, इसके लिए रैण्डम आधार पर आम्र्स के दुकानों की चेकिंग करें।
पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने जनपद के समस्त थानों थानाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि भूमि संबंधित विवादों का निस्तारण करने हेतु प्रत्येक थानावार भूमि विवाद रजिस्टर बनायें। इसी के साथ ही साथ लेखपालों के साथ बैठक भी करें तथा भूमि विवादों के निस्तारण में राजस्व विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर भूमि विवादों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। भूमि विवाद जिसका कोर्ट में केस चल रहा है उसका अध्ययन करें।
अवैध शराब के संबंध में एसपी ने संबंधित पुलिस के समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने स्मार्ट फोन में अवैध शराब रोकने से संबंधित एप्प डाउनलोड करें तथा शराब की लाइसेंसी दुकानों पर जाकर शराब की बोतल पर लगे हुए बार कोड को स्कैन करें, उससे शराब के बारें मे पूरी जानकारी प्राप्त हो जायेगी तथा शराब के क्वालिटी के बारे में भी जानकारी प्राप्त हो जोयगी, और इसकी रिपोर्ट आबकारी विभाग को भी उपलब्ध करायें।
एसपी ने समस्त क्षेत्राधिकारी पुलिस/थानाध्यक्ष को निर्देशित करते हुए कहा कि पुलिस का कोई भी अधिकारी बिना छुट्टी के मुख्यालय नही छोड़ेगा, सभी पुलिस के अधिकारी मुख्यालय पर निवास करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोग टीम भावना से कार्य करें, यदि कहीं किसी प्रकार की कोई समस्या हो तो उच्चाधिकारी को अवगत करायें, उस समस्या का हल निकाला जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी हरी शंकर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, एसीपी सिटी कमलेश बहादुर सिंह, एसपी ग्रामीण एनपी सिंह, एएसपी/सीओ सिटी, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, थानाध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।



No comments