Breaking Reports

ब्राह्मण वोट बैंक को साधने बसपा ने शुरू किया संगोष्ठी, सतीश चंद्र मिश्रा ने अयोध्या पहुँचकर किया शंखनाद




अयोध्या : बहुजन समाज पार्टी ने आज शुक्रवार को राम की नगरी अयोध्या से यूपी विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान का शंखनाद कर दिया है। पार्टी की तरफ से आज प्रबुद्ध समाज के सम्मान, सुरक्षा व तरक्की को लेकर संगोष्ठी हुई, जिसको बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने ब्राह्मणों को संबोधित किया। इस पूरी कवायद को विधानसभा चुनाव को लेकर ब्राह्मणों को बसपा के मंच पर लाने की कोशिश माना जा रहा है।

बसपा के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा शुक्रवार को अयोध्या में  पहुँचे। यहाँ उन्होंने पहले रामलला के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ उनका परिवार भी मौजूद रहा। इसके बाद उन्होंने रामकोट बैरियर पर स्थित प्राचीन जगन्नाथ मंदिर में पीठाधीश्वर राघव दास से आशीर्वाद लिया। यहां से वह हनुमान गढ़ी पहुंचे और यहां पूजन अर्चन किया, फिर इसके बाद सरयू पूजन किया। सरयू में आचमन के दौरान सतीश चंद्र मिश्रा ने सवा कुंटल दूध से दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद वह अयोध्या से देवकाली के ताराजी रिसार्ट पहुंचे, जहाँ प्रबुद्ध वर्ग के सम्मान सुरक्षा संगोष्ठी आयोजित की गई है। पहले यह आयोजन ब्राह्मण सम्मेलन के नाम से था लेकिन अब इसका नाम बदल दिया गया है। यहां गोष्ठी में सतीश चंद्र मिश्रा के मंच पर पहुंचते शंखनाद हुआ और वैदिक आचार्यों ने वैदिक मंत्रों के बीच शंखनाद करके भव्य स्वागत किया।

संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए सतीश चंद्र मिश्रा ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आरोपियों की जाति पहचान कर एनकाउंटर कर रही है। कानून व्यवस्था में सुधार के नाम पर फर्जी मुठभेड़ों में पुलिस द्वारा ब्राह्मणों को खुलेआम निशाना बनाया जा रहा है और उनका सफाया किया जा रहा है। 400 से अधिक ब्राह्मणों का सफाया कर दिया गया है। बसपा सरकार में ऐसा कभी नहीं हुआ। आज जिस तरह से ब्राह्मण उपेक्षित है, पूरे उत्तर प्रदेश में इस सरकार में उनकी सुनी नहीं जाती, तंग किया जाता है, परेशान हैं। उन्होंने पहले हमको भी आजमाया समाजवादी पार्टी को देखा भारतीय जनता पार्टी को देखा, जिसमें सबसे ज्यादा प्रतड़ना हो रही है।

कहा कि अयोध्या, अंबेडकर नगर, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में ब्राह्मण सम्मेलन के पहले चरण के बाद हम चित्रकूट धाम और मिर्जापुर में विंध्यवासिनी मंदिर भी जाएंगे। हम अगले कुछ महीनों में पूरे राज्य को कवर करेंगे और 15 अक्टूबर के आस-पास अपना कार्यक्रम समाप्त करेंगे। सतीश चंद्र मिश्रा ने जय श्री राम, जय परशुराम और जय भीम के नारे के साथ इस कार्यक्रम का समापन किया।

No comments