Breaking Reports

आजमगढ़ में रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, मालिक समेत 9 गिरफ्तार



आजमगढ़ : जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। महाराजगंज रोड स्थित राधा फैमिली रेस्टोरेंट में संचालित इस अवैध गतिविधि के आरोप में होटल मालिक सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 5 युवक और 4 युवतियां शामिल हैं।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी। इसके क्रम में थाना कप्तानगंज पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट पर छापे मारकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट के कमरों से युवक एवं युवतियां आपत्तिजनक अवस्था में पाए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि रेस्टोरेंट मालिक द्वारा अधिक आर्थिक लाभ के लिए अनैतिक देह व्यापार का संचालन कराया जा रहा था।

इसके बाद सभी आरोपियों को समय शाम साढ़े तीन बजे हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में रेस्टोरेंट मालिक सर्वेश कुमार मौर्या निवासी ग्राम अकबेलपुर कुम्हवट थाना महराजगंज, आजमगढ़ शामिल है। अन्य गिरफ्तार युवक थाना महराजगंज, कप्तानगंज, बिलरियागंज तथा जैदपुर (जनपद अम्बेडकर नगर) क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि गिरफ्तार युवतियां थाना महराजगंज, अहरौला व कप्तानगंज क्षेत्र की रहने वाली हैं।

मौके से 1980 नगद, 5 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल बरामद की गईं, जिसे सीज किया गया है। इस मामले में थाना कप्तानगंज में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी जयप्रकाश, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय सिंह गौड़, उपनिरीक्षक अमन तिवारी, महिला उपनिरीक्षक सानिया गुप्ता एवं महिला कांस्टेबल नीतू शुक्ला शामिल रहीं।

No comments