'एक्शन ऑन द स्पॉट' के लिए पहचान बना चुके IPS डॉ. अनिल कुमार बने आज़मगढ़ के नए एसएसपी, डॉक्टरी छोड़ पुलिसिंग में रचा इतिहास
आज़मगढ़ : उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 जिलों के पुलिस कप्तानों समेत कुल 16 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। इस फेरबदल की सूची में आज़मगढ़ जिले के एसएसपी हेमराज मीना का भी नाम शामिल है। उन्हें पुलिस मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।
डॉ. अनिल कुमार को मिली आज़मगढ़ की कमान
आजमगढ़ के नए एसएसपी के तौर पर प्रतापगढ़ के एसपी डॉ. अनिल कुमार को नियुक्त किया गया है। 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. अनिल कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में ‘एक्शन ऑन द स्पॉट’ के लिए पहचाने जाते हैं। वे मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनूं जिले के अलसीसर तहसील के रामोजी की ढाणी गांव के निवासी हैं।
डॉक्टरी छोड़ चुनी आईपीएस की राह
डॉ. अनिल कुमार का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने वर्ष 2005 में जोधपुर के सम्पूर्णानंद मेडिकल कॉलेज से MBBS किया और दिल्ली के गुरु तेग बहादुर व हिंदू राव अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के रूप में सेवाएं दीं। लेकिन डॉक्टर की वर्दी उन्हें नहीं जमी। उन्होंने दिल्ली में रहते हुए UPSC की तैयारी शुरू की।
साल 2009 में वे पहली बार इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस (IRPS) में चयनित हुए, लेकिन उनका सपना था आईपीएस बनना। उन्होंने लगातार प्रयास करते हुए पांच बार UPSC परीक्षा पास की और अंततः 2016 में आईपीएस बनकर उत्तर प्रदेश कैडर में शामिल हुए।
8 साल में 104 एनकाउंटर, माफियाओं के खिलाफ सख्त रवैया
आईपीएस बनने के बाद अनिल कुमार ने जिस तरह से अपने काम का लोहा मनवाया, वह उन्हें प्रदेश के सबसे सक्रिय और सख्त अफसरों में शामिल करता है। उन्होंने अब तक 104 से अधिक एनकाउंटर किए हैं। 2020 में कानपुर देहात के बिकरू कांड में गैंगस्टर विकास दुबे की गैंग द्वारा 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद, एसपी के रूप में उन्होंने महज चार घंटे के भीतर कई आरोपियों का सफाया कर दिया था।
चंदौली में एसपी रहते हुए उन्होंने माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की। एक साल में 225 मुकदमे दर्ज कर माफिया तंत्र की कमर तोड़ दी थी।
सम्मान और पुरस्कार
डॉ. अनिल कुमार को उनकी उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए डीजीपी सिल्वर मेडल, डीजीपी गोल्ड मेडल सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। एक मासूम बच्ची के मर्डर केस को सुलझाने में उनकी अहम भूमिका के लिए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से भी पुरस्कृत किया गया।

No comments