Breaking Reports

आज़मगढ़ एयरपोर्ट विस्तार के खिलाफ किसानों का हल्ला बोल, ज़िला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन



आज़मगढ़ : जिले के एयरपोर्ट विस्तारीकरण के नाम पर जमीन अधिग्रहण के खिलाफ किसानों का गुस्सा आज ज़ोरों पर देखने को मिला। किसान एकता समिति के बैनर तले जिले के मंदुरी क्षेत्र के करीब बीस गाँवों से आए सैकड़ों किसान जिला मुख्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री के नाम चार सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।



जजी मैदान से निकलकर कलेक्ट्री तक पहुंचे किसानों ने "एयरपोर्ट का विस्तार नहीं होगा", "किसानों की जमीन छीनना बंद करो" और "किसान एकता समिति जिंदाबाद" जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि एयरपोर्ट के नाम पर उपजाऊ बहुफसली जमीन छीनी जा रही है, जबकि केंद्र सरकार के मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि किसी भी तरह का विस्तारीकरण प्रस्तावित नहीं है।

किसानों के आरोप

किसानों का आरोप है कि अधिकारियों द्वारा लोगों को गुमराह कर सर्वे कराया जा रहा है। उनका कहना है कि अगर जमीन का अधिग्रहण किया गया तो हजारों लोग विस्थापित होंगे और कृषि व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा। किसान नेताओं का कहना है कि जमीन ही उनकी जीविका, खाद्यान उत्पादन और पशुपालन का आधार है। ऐसे में किसी भी कीमत पर जमीन अधिग्रहण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आंदोलन और तेज करने की चेतावनी

किसानों ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने जबरन जमीन छीनने की कोशिश की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी राजीव कुमार ने किसानों का ज्ञापन स्वीकार किया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार इस मामले पर आगे क्या रुख अपनाती है।

No comments