भड़के छात्रों ने कालेज में जड़ा ताला
आजमगढ़ : सगड़ी तहसील क्षेत्र के सुभाष इण्टर कालेज करखिया में लगभग दो सौ छात्र पढ़ते हैं। हाई स्कूल और इंटर की परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने के बाद से ही छात्रों में पढ़ाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। चार माह बाद फरवरी माह में परीक्षा होने वाली है। इधर विद्यालय में पठन.पाठन सुचारू रूप से संचालन न होने पर बुधवार को सुबह लगभग नौ बजे प्रधानाचार्य से लेकर शिक्षकों के न आने पर छात्र आक्रोशित हो गए और विद्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया।
छात्रों का आरोप था कि प्रधानाचार्य से लेकर शिक्षक तक समय से विद्यालय नहीं आते हैं। इसकी वजह से अभी तक 50 फीसदी भी कोर्स पूरा नहीं हो पाया है। जबकि चार माह बाद परीक्षा होनी है। इधर आगामी त्योहारों पर भी विद्यालय बंद रहेगा। समय से पहले ही विद्यालय बंद कर दिया जाता है। यह भी आरोप लगाते रहे कि महीनों से विद्यालय में प्रार्थना सभा तक नहीं की जा रही है। कम्प्यूटर रूम व साइंस का लैब भी कभी नही खुलता है। पठन.पाठन में सुधार की मांग को लेकर छात्रों के साथ ही अभिभावकों ने कालेज के बाहर 11 बजे तक प्रदर्शन किया।
ताला बंदी की सूचना मिलने पर प्रधानाचार्य बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे। उनके समझाने पर भी छात्र और अभिभावक अपनी मांग पर अड़ गए। प्रधानाध्यापक का कहना था कि शिक्षकों की कमी से पठन.पाठन में समस्या आ रही है। इस दौरान छात्रों ने जिला विद्यालय निरीक्षक से मोबाइल पर वार्ता की। जिला विद्यालय निरीक्षक ने वार्ता के दौरान छात्रों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से राजू मिश्रा, प्रभाकर सिंह, ज्ञानू सिंह, रिशु, नीलेश, बिरेन्द्र, गोपाल, अभिषेक, रानू, शुभम, सौरभ, अभिनंदन, मुकेश आदि छात्र और अभिभावक शामिल रहे।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments