Breaking Reports

चार शिक्षकों का हुआ तबादला



आजमगढ़ : सरायमीर क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय दोस्तपुर में मानक के अनुरूप मिड-डे-मिल न मिलने व भोजन में पतली दाल, चावल में कंक्रीट व खाने में बाल मिलने का बच्चों ने आरोप लगाया था। साथ ही चपरासी संजय के न आने पर कक्षा व शौचालय की सफाई करवाने को लेकर प्रदर्शन किये थे। इसका संज्ञान लेकर गुरुवार को बीएसए देवेन्द्र पांडेय व एबीएसए प्रभावती देवी विद्यालय पर पहुंचे। उन्होंने स्कूल इंचार्ज व बच्चों से पूछताछ किया। कक्षा.आठ के छात्र विकास यादव ने कहाकि मुझे टाइफाइड व मलेरिया होने से स्कूल नहीं पहुंचा तो मेरा नाम काट दिया गया। मेरा नाम लिखने के लिए स्कूल इंचार्ज गीता राव ने मुझसे 100 रुपये व एक किलो मिठाई मांगा।

बीएसए ने स्कूल इंचार्ज को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि आपको नाम नहीं काटना था। जिसका भी नाम काटा गया है, उसको बुलाकर नाम लिखो। बच्चों के साथ अगर कोई दुर्व्यवहार करता हे तो उसे बख्शा नहीं जायेगा। विद्यालय में गुटबाजी होने के चलते बीएसए ने स्कूल इंचार्ज गीता राव समेत तीन सहायक अध्यापक शारदा यादव, रामगनेश गौतम व स्नेहलता का तबादला कर दिया। साथ ही अनुदेशकों को निर्देश दिये कि बच्चों की संख्या कम नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर एनपीआरसी मधुकर पाठक, स्कूल स्टाफ व अभिभावक मौजूद रहे।

आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments