भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर व पथराव, पूर्व सरपंच की मौत
आजमगढ़ : तरवां थाना क्षेत्र के अवनी गांव में विवादित भूमि पर चहारदीवारी के निर्माण को लेकर हुए विवाद में रविवार की रात को दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। अवनी गांव निवासी 46 वर्षीय अत्रेय सिंह पुत्र हंसराज सिंह का अपने पड़ोसी राजेश सिंह पुत्र राम अवतार सिंह से घर के पास स्थित भूमि को लेकर काफी अर्से से विवाद है। ग्रामीणों का कहना है कि कोर्ट से अत्रेय सिंह के पक्ष में ढाई माह पूर्व फैसला हुआ था, जिस पर दूसरे पक्ष ने स्थगन आदेश प्राप्त कर रखा है। उक्त विवादित भूमि पर अत्रेय सिंह पक्ष के लोग रविवार की सुबह चहारदीवारी का निर्माण करा रहे थे। दूसरे पक्ष ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर निर्माण कार्य रोकवाने की गुहार लगाई। जिस पर तरवां थानाध्यक्ष राजेश उपाध्याय स्वयं पुलिस फोर्स के साथ रविवार की शाम को मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य रोकवा दिया था। पुलिस के निर्माण कार्य रोकवाने तक 10 फीट ऊंची दीवार का निर्माण हो चुका था। पुलिस ने अत्रेय के छोटे भाई मत्रेय सिंह व राजेश के बड़े भाई भागवत सिंह को हिरासत में लेकर थाने पर बैठा दिया था। रविवार की रात को लगभग 12 बजे दूसरे पक्ष के लोग निर्माणाधीन दीवार को गिरा रहे थे। तभी प्रथम पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए। देखते ही देखते उनमें जमकर ईट-पत्थर चलने लगे। इस पथराव में दूसरे पक्ष के 65 वर्षीय विमला सिंह पत्नी राम अवतार, 39 वर्षीय सुमन सिंह पत्नी राजेंद्र सिंह व 25 वर्षीय गौतम सिंह पुत्र राजेश सिंह घायल हो गए। इस बीच घायल दूसरे पक्ष के लोग असलहे से प्रथम पक्ष के लोगों को लक्ष्य कर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। इसमें गोली लगने से प्रथम पक्ष के अत्रेय सिंह व उनकी 44 वर्षीय पत्नी अनीता सिंह, 17 वर्षीय पुत्री शिखा सिंह घायल हो गई। फायरिंग से गांव में अफरातफरी मच गई। तीनों घायलों को परिजनों ने वाराणसी के बीएचयू में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह अत्रेय सिंह की मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर एसपी रविशंकर छवि, एसपी ग्रामीण एनपी सिंह, सीओ लालगंज सच्चिदानंद के साथ कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। मृत अत्रेय के भाई मत्रेय की तहरीर पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एसपी ने प्रथमदृष्टया दोषी पाए जाने पर पकड़ी चौकी प्रभारी सुरेश यादव व सिपाही अरुण यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments