ट्रक से कुचल जाने से स्कूटी सवार युवक की मौत
आजमगढ़ : जीयनपुर कस्बा के मुबारकपुर मोड़ के पास शनिवार को दिन में साइकिल सवार छात्रा को बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई। उसी दौरान स्कूटी सवार युवक की ट्रक से कुचल जाने से मौके पर ही मौत हो गई। मृत युवक मेरठ जनपद का निवासी था, वह क्षेत्र में फेरी कर कपड़ा बेचता था। मेरठ जिले के लेसारी थाना क्षेत्र के दक्षिणी इस्लामाबाद निवासी 22 वर्षीय उबैस पुत्र फैयाज अपने अन्य पांच साथियों के साथ मुबारकपुर कस्बा में किराये का मकान लेकर रहता था। वह मेरठ से एक सप्ताह पूर्व आया हुआ था। यहां पर रहकर परिवार के भरण-पोषण के लिए फेरी कर कपड़ा बेचता था। शनिवार को दिन में लगभग 11 बजे वह कपड़े की फेरी करने के बाद स्कूटी पर सवार होकर जीयनपुर से मुबारकपुर कस्बा की ओर जा रहा था। मुबारकपुर मोड़ के पास पहुंचा था। तभी सामने से अचानक साइकिल सवार छात्रा आ गई। छात्रा को बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई। उसी दौरान मुबारकपुर की ओर से आ रहे ट्रक से स्कूटी सवार कुचल गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर ही अपना गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने इस दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। मृत युवक के शव की शिनाख्त दोपहर बाद उसके पास से मिले मोबाइल के आधार पर पुलिस ने फोन कर कराई। खबर पाकर मुबारकपुर कस्बा में रह रहे उसके साथियों ने आकर शव की पहचान की और परिजनों को भी घटना से अवगत कराया। मृत युवक अपनी मां व पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें उमा व वंदना हैं। मृत युवक के साथी जाहिद ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ मुबारकपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments