प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल किशोर की ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मौत
आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट बाजार के समीप रविवार की शाम को प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल किशोर की ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई।
जीयनपुर कस्बा के मुख्य चौक निवासी व समाचार पत्र विक्रेता सुधीर बरनवाल सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के सक्रिय सदस्य हैं। इस पूजा समिति के सदस्य रविवार की शाम को दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन करने के लिए ट्रैक्टर ट्राली से लेकर दोहरीघाट जा रहे थे। प्रतिमा विसर्जन जुलूस में एक ट्रैक्टर ट्राली पर प्रतिमाएं रखी हुई थीं जबकि दूसरे ट्रैक्टर ट्राली पर डीजे बंधा हुआ था। जुलूस में शामिल लोग डीजे की धुन पर नाचते हुए चल रहे थे। सुधीर के साथ ही उनके दोनों पुत्र 17 वर्षीय सत्यम बरनवाल व 13 वर्षीय शिवम बरनवाल भी जुलूस में शामिल थे। समिति के सदस्यों का कहना है कि सुधीर का बड़ा पुत्र अपने मित्रों के साथ ट्रैक्टर ट्राली के आगे आगे जा रहा था। जबकि छोटा पुत्र डीजे बंधे ट्राली पर सवार था। जिसे सुधीर ने बीच रास्ते में ही डांटकर ट्राली से नीचे उतार लिया और अपनी बाइक पर बैठा लिया। शाम लगभग चार बजे जुलूस लाटघाट पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी। सुधीर डीजे बंधी ट्राली को ओवर टेक कर आगे जाना चाहे तभी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक के पीछे बैठा उनका छोटा पुत्र शिवम ट्राली के पहिये के नीचे आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे लोग लेकर दोहरीघाट अस्पताल पर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर जब परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। मां सोनी का रो रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। पुलिस ने पंचायतनामा बनाकर शव को दाह संस्कार के लिए परिजनों को सिपुर्द कर दिया।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments