Breaking Reports

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के जिला प्रभारी ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला



आजमगढ़ :  प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के जनाक्रोश रैली के जिला प्रभारी डा इम्तेयाज अहमद ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय का शहर के मूसेपुर में फीता काट कर उद्घाटन किया। वहीं दावा किया कि नेताजी पूरी तरह से पार्टी के साथ हैं और आगामी चुनाव में उन्हें पार्टी के टिकट से लड़ाने का पूरा प्रयास करेंगे।  डा. इम्तेयाज अहमद ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, उत्पीड़न, भ्रष्टाचार व अपराध पर रोक लगाने पर भाजपा सरकार पूरी तरह फेल है। सरकार जुमलेबाजी करने से नहीं, बल्कि काम से चलता है। भाजपा द्वारा समाज में माहौल खराब किया जा रहा है। अयोध्या में भी वही प्रयास किया गया जो सफल नहीं हो सका। वहीं अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसका जवाब जनता 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में जरूर देगी।
 उन्होंने कहा कि आज के समय में लड़कियां अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही हैं, महंगाई से सभी परेशान हैं, बिजली, पेट्रोल व डीजल भी महंगे हैं, अपराधी सरकारी संरक्षण में खुलेआम घूम रहे हैं। इन सब के खिलाफ प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने सरकार के गठन के लिए संघर्ष का बिगुल बजा दिया है। नौ दिसंबर को लखनऊ के शहीद पथ पर स्थित रमाबाई मैदान में जनाक्रोश रैली का आयोजन किया गया है। हजारों कार्यकर्ता इस रैली में शामिल होंगे। इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष रामप्यारे यादव व प्रमुख महासचिव आनंद कुमार उपाध्याय आदि उपस्थित थे।

आजमगढ़ रिपोर्ट 

No comments