पेड़ से लटकता मिला ठेकेदार का शव, हत्या व आत्महत्या के बीच उलझी पुलिस
आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल-अंबारी मार्ग पर कौलगढ़ पुल के पास गुरुवार की सुबह पेड़ से लटकता एक ठेकेदार का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
अहरौला थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव निवासी 28 वर्षीय रमाशंकर तिवारी उर्फ झिनक पुत्र दूधनाथ तिवारी ठेका लेकर मकान बनवाने का कार्य करता था। उसकी पत्नी सीता देवी का कहना है कि बुधवार की देर शाम को लगभग सात बजे उसके पति के मोबाइल पर किसी ने फोन किया। फोन आने के बाद वह थोड़ी देर बाद आने की बात कहकर घर से पैदल निकले थे। रात होने के बाद भी जब घर लौटकर नहीं आए तो परिवार के लोग किसी अनहोनी की घटना से सशंकित होकर तलाश शुरू कर दिए। इधर गुरुवार की सुबह भैंसहा गांव से लगभग पांच किमी दूर स्थित कौलगढ़ पुल के पास सहजन के पेड़ की डाल से मफलर के सहारे एक युवक का लटकता हुआ शव ग्रामीणों ने देखा। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ बूढ़नपुर रामजन्म, अहरौला थानाध्यक्ष अयोध्या तिवारी भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि मृत युवक का पैर जमीन से सटा हुआ था और उसके दोनों पैर घुटने से मुड़े हुए थे। इस आधार पर ग्रामीणों ने उक्त युवक की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिए जाने की आशंका जताई। छानबीन के दौरान उक्त युवक के शव की शिनाख्त रमाशंकर तिवारी के रूप में हुई। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृत रमाशंकर तिवारी उर्फ झिनक दो भाइयों में छोटा था। उसके तीन बच्चों में दो पुत्र व एक पुत्री हैं। बच्चों की उम्र क्रमश: चार, दो व एक साल है। उसकी पत्नी सीता देवी गर्भवती हैं। मृत रमाशंकर के घर की माली हालत ठीक नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदारी के चलते क्षेत्र के काफी लोगों का उस पर उधारी है। उसके घर पर प्रतिदिन तीन-चार लोग बकाया रुपये के तगादा के लिए आते थे जिससे वह काफी परेशान रहता था। गांव के लोगों का कहना है कि संभवत: उधारी के चलते ही तंग आकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली हो। वहीं जहां शव मिला उस गांव के लोग आत्महत्या की बात से इन्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर कोई व्यक्ति आत्महत्या करता है तो वह काफी ऊंचाई पर उसका शव लटका रहता है। जबकि रमाशंकर का पैर जमीन से सटा हुआ था। ऐसे में उसकी मौत संदिग्ध है। इस घटना की गुत्थी सुलझाने में पुलिस उलझी हुई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। वहीं मौत की खबर से ठेकेदार के घर पर कोहराम मचा हुआ है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments