घर के सामने बैठे अधेड़ को ट्रैक्टर ने रौंद, मौके पर मौत
आजमगढ़ : देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चौकी गांव के समीप गुरुवार की दोपहर को घर के सामने बैठे अधेड़ की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। मृत अधेड़ के परिजनों की चीख-पुकार से गांव में कोहराम मचा गया।
चौकी गांव निवासी 52 वर्षीय राममूरत यादव पुत्र श्रीचंद्र यादव गुरुवार की दोपहर को घर के सामने धूप में बैठे थे। परिजनों का कहना है कि उसी दौरान गांव से जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। घर के सामने बैठे अधेड़ को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को गाड़ी समेत पकड़ लिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ट्रैक्टर चालक व ट्रैक्टर गांव का ही होने के चलते लोगों ने बीचबचाव कर उन्हें छुड़ा दिया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अधेड़ की मौत से पत्नी मरजादी देवी के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों की चीख-पुकार से गांव में कोहराम मचा हुआ है। मृत अधेड़ के एक पुत्र 34 वर्षीय रामसंभार यादव ठेकमा विकास खंड में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। एक पुत्री 34 वर्षीय विद्या है जो शादी होने के बाद से ही ससुराल में रहती है। देवगांव कोतवाल का कहना है कि गांव के लोगों के अनुरोध पर ट्रैक्टर चालक व ट्रैक्टर को छोड़ दिया गया, जब आवश्यकता होगी तो उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

No comments