Breaking Reports

जानलेवा फायरिंग में बाल-बाल बचा युवक

 

आजमगढ़ : महराजगंज थाना क्षेत्र के टीकर पैठान गांव में गुरुवार की रात को घर पर चढ़कर बाइक सवार दो हमलावरों ने एक युवक को गोली मारकर जानलेवा हमला का प्रयास किया।
    टीकर पैठान गांव निवासी दुर्गेश दुबे पुत्र स्व. चंद्रमोहन दुबे के घर गुरूवार को बाइक सवार दो युवक रात लगभग 10 बजे पहुंचे। दुर्गेश उस समय घर के अंदर था। दरवाजे के सामने बाइक की आवाज सुनकर वह घर से बाहर निकला। वह कुछ समझ पाता कि उसके पूर्व ही बाइक सवार एक बदमाश ने उस पर लक्ष्य करके गोली चलाई लेकिन संयोग से निशाना चूक गया। इसी बीच दुर्गेश की पत्नी सुषमा भी बाहर आ गई। बदमाशों को गोली चलाते देख वे शोर मचाने लगे। शोर सुनकर गांव के लोगों को आते देख दोनों बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। दुर्गेश ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।  दुर्गेश का आरोप है कि उसकी भांजी का विवाह अम्बेडकर नगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के चौदसवा गांव निवासी विवेक तिवारी पुत्र मारकंडेय तिवारी के साथ हुआ है। दहेज उत्पीड़न के चलते उसकी भांजी मायके आ गई। उसने ससुराल वालों के खिलाफ न्यायालय में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। इस मुकदमे में उसने अपनी भांजी की तरफ से पैरवी की। इसी का बदला लेने के लिए उस पर जानलेवा हमला कराया गया है। पीड़ित ने शुक्रवार को महाराजगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। महराजगंज पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।

आजमगढ़ रिपोर्ट 

No comments