संदिग्धावस्था में विवाहिता ने लगाई फांसी, मृतिका के भाई ने लगाया दहेजहत्या का आरोप
आजमगढ़ : महराजगंज थाना क्षेत्र के महरूपुर सरदहा गांव में शुक्रवार की देर शाम को एक विवाहिता ने संदिग्धावस्था में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महराजगंज थाना क्षेत्र के विशुनपुर (राढ़ी का पूरा) गांव निवासी स्व. फौजदार यादव की पुत्री 21 वर्षीय सीमा की शादी इसी 22 जून को महरूपुर सरदहा गांव निवासी सूरज यादव के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही वह विदा होकर मायके आ गई। 15 नवंबर को दोंगा में वह अपने ससुराल गई हुई थी। परिजन का कहना है कि पारिवारिक कलह के चलते विवाहिता ने शुक्रवार की देर शाम घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मृत विवाहिता के मायका पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए। मृत विवाहिता के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दो लाख रुपये व बुलेट मोटर साइकिल की मांग को लेकर उसकी बहन को आए दिन प्रताड़ित करते थे। मांग को पूरा नहीं करने पर ससुराल के लोगों ने उसकी बहन की हत्या कर दी। शरीर पर चोट के निशान थे और गले में रस्सी से कसने का भी निशान मिला। भाई ने इस संबंध में मृत विवाहिता के पति सूरज यादव, ससुर राम समुझ यादव, सास, ननद प्रियंका यादव के साथ ही अपने बड़े बहनोई उपेंद्र यादव पुत्र श्याम नारायण यादव ग्राम हिच्छनपट्टी थाना कंधरापुर के खिलाफ दहेज हत्या के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपित ससुर व सास को हिरासत में ले लिया है और घटना की छानबीन कर रही है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments