बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को घायल कर जेवर व मोबाइल लूटे
आजमगढ़ : निजामाबाद कस्बा में शुक्रवार की शाम को दो बदमाश एक महिला को घर में घुस गए। बदमाशों ने असलहे से प्रहार कर महिला को घायल कर दिया और जेवर व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
निजामाबाद कस्बा के तेलीपुर मोहल्ला निवासी जितेंद्र उर्फ मुन्ना गुप्त की इसी कस्बा के पुराना चौक के पास किराने की दुकान है। परिवार के सभी पुरुष सदस्य शुक्रवार की शाम को दुकान पर थे। घर पर जितेंद्र की 35 वर्षीय पत्नी बबिता देवी ही अकेले थी। बबिता का कहना है कि शाम को लगभग छह बजे बाइक सवार दो अज्ञात युवक उसके घर आए और उसके पति का मोबाइल नंबर पूछने लगे। वह नंबर बताती कि उसके पहले ही दोनों युवक धक्का देकर घर के अंदर घुस गए। प्रोविध करने पर दोनों युवकों ने असलहे की बट से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। तत्पश्चात दोनों बदमाशों ने उसके कान की बाली व मोबाइल छीन लिया। दोनों बदमाशों के साथ घर के अंदर हाथापाई हो रही थी कि उसी दौरान उसका 11 वर्षीय पुत्र शिवम दुकान से घर आ गया। मां के साथ मारपीट करते देख उसने बाहर आकर शोर मचाने लगा। मोहल्ले के लोग जब तक आते कि उसके पहले ही दोनों बदमाश वहा से फरार हो गए। घायल महिला का इलाज कराने के बाद उसके पति ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments