हत्यारोपित प्रधान के घर की तोड़फोड़, तीन घायल
आजमगढ़ : मेंहनगर थाना क्षेत्र के गंजोर गांव में हत्या के आरोपी प्रधान के घर पर मृतक पक्ष ने मंगलवार की शाम को तोड़-फोड़ की और आरोपित प्रधान के परिजनों के साथ मारपीट भी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गंजोर गांव निवासी 60 वर्षीय निठूरी गोंड पुत्र स्व. मंगरू गोंड का गांव के ग्राम प्रधान कमलेश सिंह से चुनावी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश को लेकर ग्राम प्रधान ने लाइसेंसी बंदूक से निठूरी के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। मृत निठूरी के पुत्र राजेश की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान कमलेश सिंह, राम प्रवेश सिंह पुत्रगण बेचन सिंह व बलवंत सिंह पुत्र राम मूरत सिंह के खिलाफ हत्या, षडयंत्र करने, धमकी व गाली गलौज करने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। तभी से तीनों आरोपित पुलिस पकड़ से फरार चल रहे हैं।
मंगलवार की दोपहर स्कार्पियो सवार कुछ सामाजिक कार्यकर्ता निठूरी के यहां संवेदना व्यक्त करने पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कार्पियों सवार लोगों के उकसाने पर मृत पक्ष ने आरोपित प्रधान के घर पर तोड़-फोड़ की। इतना ही नहीं उनकी पिटाई से प्रधान के परिवार में पूजा (20) पुत्री कृष्ण मुरारी सिंह, उसकी बहन बबीता (14) और सिंकू देवी (50) पत्नी छेदी सिंह घायल हो गए। वहीं मेंहनगर के प्रभारी थानाध्यक्ष ने तोड़फोड़ व मारपीट की बात से इन्कार किया।

No comments