पुत्री ने पिता पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
आजमगढ़ : शहर कोतवाली क्षेत्र में रह रही एक पंद्रह वर्षीय किशोरी ने अपने पिता पर ही एक माह से दुराचार करने का आरोप लगाया। उसका आरोप है कि उसके पिता अवैध संबंधों को लेकर पूर्व में उसकी मां व बड़ी बहन की भी हत्या कर चुके हैं।
किशोरी कंधरापुर थाना क्षेत्र की मूल निवासी है। उसका कहना है कि वह दो बहन व एक भाई में सबसे छोटी है। बड़ा भाई पत्नी व अपने बच्चों संग मुंबई में रहकर फर्नीचर का काम करता है। उसके पिता भी अपनी दोनों बेटियों व पत्नी के साथ मुंबई रहते थे। किशोरी का आरोप है कि पिता का मुंबई में ही एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हो गया। इस संबंध का उसकी मां ने जब प्रतिरोध करना शुरू किया तो तीन माह पूर्व उसके पिता ने जहर देकर मां की हत्या कर दी। दोनों बेटी को लेकर उसके पिता मुंबई से गांव चले आए। गांव का मकान व भूमि बेच दिया और शहर में आकर किराये का मकान लेकर रहने लगे। उसकी बड़ी बहन के साथ पिता ने अवैध संबंध बना लिया। बड़ी बहन जब प्रतिरोध करने लगी तो एक माह पूर्व पिता ने उसकी भी गला दबा कर हत्या कर दी। बड़ी बहन की हत्या के बाद उसके साथ जबरन दुराचार करने लगे। पिता की इस हरकतों से तंग आकर वह छह दिन पूर्व घर से भागकर अपने भाई के पास मुंबई पहुंची। भाई ने भी उसे भगा दिया तो वह मुंबई से घर आने के लिए ट्रेन से शाहगंज आई। शाहगंज से जीप पर सवार होकर शनिवार को फूलपुर पहुंची। फूलपुर पुलिस ने उसे भटकते हुए देख 181 पर फोन कर आशा ज्योति केंद्र को बुलाकर सिपुर्द कर दिया। आशा ज्योति की महिला ने उसे जोकहरा स्थित एक स्वयंसेवी संस्था को सिपुर्द कर दिया। मामले की हकीकत जानने के बाद उक्त संस्था के सदस्यों ने बुधवार की शाम को उक्त किशोरी को लेकर शहर कोतवाली पुलिस के पास पहुंचे। शहर शहर कोतवाल विनय मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोरी ने जो-जो बातें बताई। उसके सत्यतता की जांच की गई। उसके द्वारा बताई गई सारी बात झूठी निकली।

No comments