Breaking Reports

बहूभोज कार्यक्रम में नाच-गाने के दौरान हुई फायरिंग में गोली लगने से एक महिला घायल



आजमगढ़ : निजामाबाद थाना क्षेत्र के तेलीपुर गांव में रविवार की रात को आयोजित बहूभोज कार्यक्रम में नाच-गाने के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। फायरिंग में गोली लगने से एक महिला घायल हो गई। घायल महिला की हालत गंभीर देख उसे स्वास्थ्य केंद्र से डाक्टरों ने रेफर कर दिया।


  प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायमीर थाना क्षेत्र के सिकरौर सहबरी गांव निवासी 25 वर्षीय कुसुम गुप्त पत्नी उमेश गुप्त की बुआ प्रमिला की ससुराल फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के नियाऊज गांव में स्थित है। प्रमिला का निजामाबाद थाना क्षेत्र के तेलीपुर बाजार में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में पथरी का आपरेशन हुआ है। कुसुम अपनी बुआ की देखभाल के लिए अस्पताल में आई हुई थी। अस्पताल के बगल में ही मिठाई सोनकर के यहां रविवार की रात को बहूभोज का कार्यक्रम आयोजित था। रात को लगभग आठ बजे बहूभोज में चल रहे नाच-गाना देखने के लिए कुसुम भी अस्पताल से निकल कर पहुंच गई थी। इस बीच कुछ युवक नाच-गाना के दौरान हर्ष फायरिंग करने लगे। हर्ष फायरिंग के दौरान पास में ही खड़ी कुसुम के जांघ में गोली लगने से वह घायल हो गई। घटना से अफरातफरी मच गई। लोग उसे आननफानन नजदीक के एक अस्पताल पर ले गए। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। परिवार के लोग गोली से घायल महिला को शहर के सिधारी मोहल्ला स्थित विद्या अस्पताल में भर्ती कराया है। डाक्टर का कहना है कि महिला की जांघ में गोली फंसी हुई थी, जिसे आपरेशन कर बाहर निकाल लिया गया। अब उसकी जान खतरे से बाहर है।
 निजामाबाद थाना क्षेत्र के मुईया मकदूमपुर गांव निवासी आशीष गुप्त पुत्र रमेश गुप्त ने प्राथमिकी दर्ज कराई हैं। पुलिस ने तहरीर पर निजामाबाद कस्बा के पिग्गीपुर मोहल्ला निवासी पिंटू सोनकर पुत्र महेंद्र सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।

No comments