Breaking Reports

अवैध रूप से संचालित शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार लाख की शराब बरामद



आजमगढ़ : जहानागंज थाना पुलिस ने रामपुर गांव स्थित बंद पड़े राइस मिल में छापा मारकर अवैध रूप से संचालित शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
   शुक्रवार की दोपहर को मुखबिर की सूचना के आधार पर स्वाट प्रभारी अश्वनी पांडेय, जहानागंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ रामपुर गांव स्थित बंद पड़ी राइस मिल में छापा मारा। छापे के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से संचालित नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से इस धंधे में लिप्त चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किये गए लोगों में अजय उर्फ बबलू पुत्र स्व. सत्यनरायन सिंह, फेकू मौर्य पुत्र सरजू, मुर्तजा पुत्र जान मुहम्मद ग्राम वीरपुर थाना मेंहनगर, रमाकांत यादव उर्फ साधु पुत्र रामाश्रय ग्राम नगवा मैदो थाना बिलरियागंज के निवासी बताए गए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि दो ड्रम व एक जेरीकेन में भरकर रखा गया 520 लीटर शराब का शीरा, 83 पेटी में तैयार किया हुआ 3 हजार 735 शीशी ब्लू लाइम ब्रांड की नकली देशी शराब, एक क्विंटल गत्ता, 650 अदद खाली प्लास्टिक की शीशी व ढक्कन, शीशी पर लगाने वाले 350 पीस रैपर, क्यूआर कोड, पांच-पांच किलो यूरिया व नौसादर के साथ ही भारी संख्या में शराब बनाने के अन्य उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि अजय के खिलाफ पूर्व में ही विभिन्न थानों में एक दर्जन व रमाकांत के खिलाफ भी दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पूर्व में भी अवैध शराब के धंधे में जेल जा चुके हैं।
 गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अश्वनी पाण्डेय, उ0नि0 राजेश उपाध्याय, हे0का0 राम केवल यादव। का0 सत्यराम प्रजापति, का0 राजेन्द्र यादव, का0 सुभाष चन्द्र यादव, का0 अवधेश सिंह, का0 अभिमित तिवारी, का0 विनोद सरोज, का0 राजू सिंह, का0 सतेन्द्र यादव, का0 सुरेन्द्रयादव, का0 चन्द्रजीत यादव सम्मिलित थे।

No comments