गन्ना किसानों ने किया प्रदर्शन
आजमगढ़ : गन्ना किसान पर्ची के अभाव में बिचौलियों के हाथ सस्ते दाम में गन्ना बेच रहे हैं। इससे किसानों को उनकी लागत भी नहीं मिल पा रही है। नाराज किसानों ने शुक्रवार को बूढ़नपुर तहसील में प्रदर्शन किया। किसानों ने बताया कि अभी भी उनके रकबे के अनुसार पर्ची नहीं मिल पा रही है। पर्ची के अभाव में खेतों में ही गन्ना सूख रहा है। किसानों के इसी मजबूरी का फायदा बिचौलिए उठा रहे हैं। क्षेत्र में कुछ लोग बहुत ही कम मात्रा में गन्ने की खेती करते हैं। लेकिन, मिल के सर्वे करने वालों से मिलीभगत कर लंबा सट्टा बनवा लिए हैं। इससे उन्हें भारी मात्रा में पर्ची मिल रही है। इन्हीं पर्चियों के सहारे बिचौलिए क्रय केंद्रों पर ही किसानों से सौ से डेढ़ सौ रुपए क्विंटल की दर से गन्ना खरीद कर मिल को बेच कर मालामाल हो रहे हैं। वहीं, अधिकांश किसानों को पर्ची ही नहीं मिल पा रही है। तहसील में प्रदर्शन के बाद किसानों ने आरोप लगाया कि बिचौलिये गन्ना तौल लिपिक से मिलकर हेराफेरी कर रहे हैं। देउरपुर के किसान त्रिवेणी सिंह ने एसडीएम को प्रकरण से अवगत कराया है। एसडीएम इन्द्रभान तिवारी ने कहा कि विभागीय कर्मचारियों से बात कर इस समस्या का हल शीघ्र निकाला जाएगा।

No comments