दो पक्षों के विवाद में चले ईट पत्थर व हवाई फायरिंग, एक घायल
आजमगढ़ : मुबारकपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने के साथ हवाई फायरिंग की गई। इस विवाद में एक बुजुर्ग घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव निवासी अब्दुस्सलाम पुत्र मुहम्मद महमूद व सरफराज पुत्र जावेद आलम के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर बुधवार की शाम को विवाद हुआ था। गांव के लोगों के बीच बचाव करने पर उस दौरान मामला शांत हो गया था। इसी विवाद को लेकर गुरुवार की सुबह लगभग सात बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते उनमें जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने से गांव में अफरा तफरी का माहौल हो गया। गांव के लोग इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग व संघर्ष की सूचना मिलने पर यूपी 100 के साथ ही थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस संघर्ष में 71 वर्षीय अब्दुस्सलाम घायल हो गए। पुलिस ने मारपीट कर रहे लोगों को खदेड़ कर भगा दिया। घायल वृद्ध को परिजनों ने मुबारकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया है। घायल पक्ष ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए मुबारकपुर थाने पर तहरीर दे दी है।

No comments