सोने की लालच देकर महिला से 23 हजार रुपये का ठग
आजमगढ़ : मेंहनगर कस्बा के हरबंशपुर मोहल्ले में बुधवार की दोपहर को सोना की लालच देकर ठग एक महिला से 23 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
मेंहनगर कस्बा के वार्ड नंबर तीन संत कबीर नगर निवासी 40 वर्षीय सरोज देवी पत्नी टेकचंद राम का खाता यूनियन बैंक की शाखा मेंहनगर में है। उसने अपने खाते से बुधवार की दोपहर को लगभग डेढ़ बजे 23 हजार रुपये निकाले। रुपये निकालने के बाद वह बैंक से पैदल घर जा रही थी। वार्ड नबंर 10 हरिबंश नगर स्थित प्राथमिक स्कूल के पास पहुंची थी कि उसी दौरान एक वृद्ध के साथ दो लोग मिले। उन्होंने महिला को एक गुल्ली देते हुए बताया कि यह सोने की गुल्ली है जिसकी कीमत एक लाख रुपये है। वे इसे 30 हजार रुपये में बेचना चाह रहे हैं। महिला ने अपने पास 23 हजार रुपये होने की बात कही। इस पर वे महिला से 23 हजार रुपये लेकर उसे सोने की गुल्ली थमा कर चले गए। उनके जाने के बाद जब महिला उक्त सोने की गुल्ली को जांच कराने के लिए लेकर एक सोनार के पास गयी तो उसने सोना होने से इन्कार कर दिया। ठगी की शिकार बनी महिला रोने लगी। रोने की आवाज सुनकर बाजार के लोग भी आ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाला तो फुटेज में महिला के पीछे दो युवक आते हुए दिखाई दे रहे थे। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर ठगों की तलाश में जुटी हुई है। ठगी की शिकार महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।




No comments