Breaking Reports

फिरौती नहीं देने पर अपहृत किशोर की हत्या, शव कुएं से बरामद, आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव




आजमगढ़ : पवई थाना क्षेत्र में 10 लाख की फिरौती न देने पर अपहृत किशोर की हत्याकर दी गई। दूसरे दिन शाम को हत्या कर फेंका गया शव गांव के समीप स्थित कुएं से बरामद हुआ। 
  पवई थाना क्षेत्र के फत्तनपुर गांव निवासी 15 वर्षीय सचिन यादव उर्फ विष्णु यादव पुत्र संतोष यादव सोमवार की रात लगभग आठ बजे शौच जाने की बात कह कर घर से निकला था। वह काफी देर बाद भी जब घर नहीं लौटा तो परिजन किसी अनहोनी की घटना से परेशान हो गए। इस बीच रात साढ़े नौ बजे उसकी मां संगीता के मोबाइल कॉल आई। मां का कहना है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि अपने बेटे से बात करो। सचिन से जब बात की तो उसने बताया कि उसका अपहरण कर लिया गया है। फोन करने वाले व्यक्ति ने उससे 10 लाख रुपये फिरौती की मांग की। इसके बाद फोन कट गया। बेटे के अपहरण की खबर से माता-पिता के साथ ही गांव के लोग सहम गए। सूचना मिलते ही पवई थानाध्यक्ष संजय कुमार व सीओ फूलपुर रवि शंकर प्रसाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अपहृत किशोर की तलाश शुरू कर दी।
    दूसरे दिन बुधवार की शाम को लगभग छह बजे गांव के समीप स्कूल के पास स्थित कुएं में किशोर की हत्या कर फेंका गया शव मिलने से ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जुट गए। इधर जब सीओ फूलपुर व पवई एसओ मौके पर पहुंच कर शव को कुएं से निकालने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने एसओ से हाथापाई करते हुए पुलिस पर पथराव करने लगे। इस पर पुलिस पीछे हट गई। इधर उग्र ग्रामीणों ने माहुल-पवई मुख्य मार्ग पर शाम साढ़े छह बजे चक्का जाम कर दिया। जाम की खबर पाकर एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह के साथ ही एसपी ग्रामीण एनपी सिंह कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आठ बजे रात को जाम समाप्त करा दिया। रात तक ग्रामीण पुलिस को शव कुएं से निकालने नहीं दिए। पुलिस के अधिकारी ग्रामीणों को समझाने के प्रयास में लगे हुए हैं। 

एसपी ग्रामीण एनपी सिंह ने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से फोन आया उसे जब सर्विलांस पर लगाया गया तो वह गांव के ही निवासी रवि पुत्र सभई नामक किशोर का मोबाइल निकला। रवि व अपहृत किशोर दोनों साथ पढ़ते हैं और वे एक-दूसरे के मित्र भी हैं। रवि को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी ग्रामीण के निर्देश पर डॉग स्क्वॉयड टीम भी मौके पर पहुंच गयी।



No comments