रुपयों के लालच में दोस्त के पुत्र की हत्या
आजमगढ़ : पवई थाना क्षेत्र में फिरौती के लिए छात्र सचिन की हत्या पिता के दोस्त रवि ने की थी। मोबाइल के जरिये रवि तक पहुंची पुलिस ने बुधवार की देर रात रहस्य से पर्दा उठा लिया।
पवई थाना क्षेत्र फत्तनपुर निवासी सचिन के पिता संतोष यादव को मुंबई में खोली बेचने पर अच्छी धनराशि मिली थी। इस पैसे पर रवि की नजर थी। उसने पहले संतोष से दोस्ती कर उसके साथ खाना-पीना शुरू कर दिया। विश्वास में लेने के बाद उसने सचिन को मंगलवार को अपनी प्रेमिका से मिलाने के बहाने बुलाया। इससे पहले उसने गांव से चोरी की मोबाइल और नया सिम खरीदा था। सचिन को बहला फुसला कर वह गांव में ही स्कूल के पास ले गया और डरा-धमकाकर उसकी मां को फोन कराया। जिसमें 10 लाख की फिरौती देने की बात कही गई। एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि भेद खुलने के डर से पहले ईंट से सचिन के सिर पर वार किया। इसके बाद मफलर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शव छिपाने के लिए उसे कुएं में डाल दिया। घटना में प्रयुक्त ईंट, मफलर और मोबाइल बरामद कर ली गई है। शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फिरौती के लिए छात्र के अपहरण और हत्या का खुलासा करते हुए डीआईजी मनोज तिवारी ने बताया कि आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है।






No comments