लोकसभा चुनाव की तिथि घोषित होते ही जिला प्रशासन ने कसी कमर, चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीम गठित
आजमगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा रविवार को लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 की अधिसूचना जारी कर दी गई। इसके बाद जिला प्रशासन की भी सक्रियता तेज हो गई है। खास बात यह है कि इस बार के चुनावी गतिविधियों पर त्रिस्तरीय टीमों की निगहबानी रहेगी। आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन के लिए संबंधित टीमों के अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस-प्रतिनिधियों से वार्ता में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा सामान्य निर्वाचन की घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। राजनीतिक दलों के अलावा अन्य किसी भी व्यक्ति द्वारा इसका उल्लंघन किया गया तो संबंधित के खिलाफ आयोग द्वारा निर्धारित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले की दोनों संसदीय क्षेत्र लालगंज सुरक्षित और आजमगढ़ (सदर) के कुल 2,305 मतदान केंद्रों के 3,943 बूथों पर चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। बताया कि जिले को कुल 26 जोन और 53 सेक्टर में विभाजित किया गया है। किसी प्रकार की चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण टीम गठित कर दी गई है। इसमें जिले की कुल 10 विधानसभा क्षेत्रों में प्रति विधानसभा क्षेत्र तीन फ्लाइंग स्क्वायड, एमसीएमसी (आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को गठित टीम) और स्टेटिक सर्विलांस टीम शामिल है। स्टेटिक सर्विलांस टीम में प्रति विधानसभा क्षेत्र तीन, प्रति विधानसभा क्षेत्र एक वीडियो सर्विलांस टीम और प्रति लोकसभा क्षेत्र एक वीडियो अवलोकन टीम गठित की गई है।
लोकसभा चुनाव में इस बार सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई करने की तैयारी है। यही नहीं आदर्श आचार संहिता सोशल मीडिया पर भी वैसे ही लागू रहेगी जैसे अन्य मेन स्ट्रीम मीडिया पर रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस दौर में सोशल मीडिया की समाज पर पड़ने वाली नकारात्मक भूमिका पर कड़ा नियंत्रण रहेगा। ताकि वह किसी भी तरह से इस चुनाव को प्रभावित न कर पाए, आचार संहिता के उल्लंघन पर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा सहायक व्यय प्रेक्षक की भी तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। इन टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध करना सुनिश्चित करें। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रो. त्रिवेणी सिंह, उप जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र सिंह व उप जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गुरुप्रसाद गुप्ता भी थे।
जनपद में निर्वाचन कार्यक्रम
निर्वाचन अधिसूचना : 16 अप्रैल (मंगलवार)
नामांकन की अंतिम तिथि: 23 अप्रैल (मंगलवार)
नामाकंन पत्रों की जांच : 24 अप्रैल (बुधवार)
नामवापसी की अंतिम तिथि : 26 अप्रैल (शुक्रवार)
मतदान : 12 मई (रविवार)

No comments