Breaking Reports

हर्ष फायरिंग में गोली लगने से किशोर की मौत



आज़मगढ़ : तरवां थाना क्षेत्र के जियापुर उत्तरी गांव में शादी समारोह में मंगलवार की रात 10:20 बजे हो रही हर्ष फायरिंग में एक गोली युवक के सीने में जा लगी। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन फानन उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी रात दो बजे मौत हो गई। 

   जियापुर उत्तरी गांव निवासी सुरेंद्र सिंह की लड़की की मंगलवार को शादी थी। रात 10:20 बजे बारात घर पर पहुँची और डीजे पर डांस चल रहा था। इस बीच बाराती पक्ष से हर्ष फायरिंग की जा रही थी। 19 वर्षीय सूरज गोंड़ डांस देख रहा था। इसी बीच हर्ष फायरिंग के दौरान अचानक गोली सूरज के सीने में जा लगी। इसके बाद बारात में अफरातफरी मच गयी। लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुँचे। हालत गंभीर होने पर उसे शहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहाँ देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था।
   मिली जानकारी के मुताबिक सूरज पुत्र कुंवर ग्राम दलल्सेपुर थाना रानीपुर, जिला मऊ निवासी था। बचपन से ही माता इंदा देवी व बड़े भाई के साथ जियापुर उत्तरी ग्राम सभा में अपने मामा झगरु के घर पर रहता था। मृतक के मामा द्वारा लिखित तहरीर देकर थाने में एफआईआर दर्ज कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था।

रिपोर्ट - बृजभूषण रजक

No comments