ताल के पास झाड़ी में मिला महिला का सड़ा शव
आजमगढ़ : रानी की सराय थाना क्षेत्र के बड़ैला ताल के पास स्थित झाड़ी में सोमवार की सुबह एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। शव मिलने से गांव के लोग जहां इस घटना से सकते में हैं, वहीं पुलिस अनजान बनी हुई थी।
ऊंची गोदाम-सुंभी मुख्य मार्ग पर स्थित बड़ैला ताल के समीप से होकर सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे पैदल जा रहे राहगीरों ने झाड़ी के बीच एक 35 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर पाकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उन्होंने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना देने के बाद भी देर शाम तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि महिला का शरीर सड़कर कंकाल के रूप में तब्दील हो चुके थे। उसके एक पैर में काला धागा बंधा हुआ था। झाड़ी पानी के बगल में स्थित है। शव के पास ही लाल रंग की साड़ी, छोटा तौलिया पड़ा था। महिला की मौत पांच-छह दिन पूर्व होने का ग्रामीण अंदेशा जता रहे हैं। ग्रामीणों ने उक्त महिला की हत्या कर शव झाड़ी में फेंक दिए जाने की आशंका जताई। इस संबंध में रानी की सराय थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने किसी भी महिला के शव मिलने से इन्कार किया।



No comments