सुभासपा महासचिव चुनाव कार्यालय के लिए 'निरहुआ' को देंगे अपना आवास
आजमगढ़ : कुछ दिन पूर्व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आजमगढ़ से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद भाजपा के पूर्व प्रवक्ता व जनपद के उकरौड़ा निवासी आइपी सिंह ने ट्वीट कर खुशी जाहिर करते हुए सपा मुखिया को अपना घर कार्यालय बनाने के लिए आमंत्रण दिया था।
इसी तर्ज पर भोजपुरी गायक व अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को आजमगढ़ संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किए जाने के कयासों के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं जिले के समेंदा निवासी शशि प्रकाश सिंह 'मुन्ना' ने फेसबुक पर निरहुआ को अपना आवास 'देवभूमि' चुनाव कार्यालय के रूप में उपलब्ध कराने की घोषणा कर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।
प्रदेश महासचिव ने निरहुआ को अपना मित्र बताते हुए फेसबुक पर फोटो पोस्ट कर अपना घर कार्यालय के लिए उपलब्ध कराने पर गौरव की बात होना बताया है। उन्होंने समेंदा परिवार की तरफ से स्वागत शब्द भी लिखा है। यही नहीं मीडिया को जारी विज्ञप्ति में सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज भी कसने के साथ ही निरहुआ की तारीफ भी की है। कहा है कि संघर्षो के बूते आज वह पूर्वाचल का गौरव बढ़़ा रहे हैं।





No comments