पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री ने अधिकारियों पर बोला हमला, कार्यकर्ताओं की शिकायतों को अनदेखा करने का लगाया आरोप
आजमगढ़ : शनिवार को भाजपा पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अशोक कुमार यादव ने डाक बंगले पर मीडिया से वार्ता करते हुए अधिकारियों पर जमकर हमला बोला। क्षेत्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों को अनदेखा करके जिला प्रशासन उनके जान की दुश्मन बना हुआ है। आये दिन पदाधिकारियों को धमकियां मिल रही हैं। उनकी हत्या की नियत से फायर तक झोंके जाने के कृत्य सामने आ रहे है जो दुभार्ग्यपूर्ण है लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जिला प्रशासन ऐसा करके अन्य दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को लाभ पहुचांने का कार्य कर रहा है। जिसके कारण कार्यकर्ताओं को जानमाल का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लम्बे समय से हम लोगों ने भाजपा को मजबूत बनाने का काम किया है। आगे भी मोदी जी के मिशन को आगे बढ़ाना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। लेकिन वर्तमान में अधिकारियों की कार्यशैली भाजपा कार्यकर्ताओं की मानोस्थिति को तोड़ने का काम कर रही है। क्षेत्रीय मंत्री ने बताया कि 2017 में विपक्षियों ने राजनैतिक द्वेष के कारण मेरे ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमे किसी तरह मेरी जान बची। मेरी शिकायत के बाद भी आज तक जिला प्रशासन-पुलिस प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गयी। मात्र धारा 323, 504 में कार्यवाही करके कोरमपूर्ति की गयी। इसके बाद लगातार मुझे धमकियां मिल रही है। इसके अलावा दीदारगंज थानाक्षेत्र के डीह कथौली ग्राम निवासी प्रदीप यादव को गोली मार दी गयी। जिसमे वो गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार चल रहा है। लेकिन पुलिस ने अब तक कोई एक्शन नहीं लिया। लगातार प्रशासन भाजपा कार्यकर्ताओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है और इसका लाभ विरोधी उठा रहे है। आगामी लोकसभा चुनाव में यह प्रतिद्वंदिता और बढ़ जायेगी जिसमे जानमाल का नुकसान हो सकता है। जिला प्रशासन से कई बार थकहार गुहार लगाया गया लेकिन फिर भी प्रशासन उदासीनता बना हुआ है।
क्षेत्रीय मंत्री अशोक कुमार यादव ने आगे कहा कि अगर मेरे साथ कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है उसका जिम्मेदार जिलाधिकारी व एसपी को ही माना जाये। क्योंकि जिला प्रशासन की चुप्पी ने दबंगों और विपक्षियों को बल प्रदान किया है। प्रेसवार्ता में क्षेत्रीय मंत्री अल्पसंख्यक मोर्चा अफताब मिर्जा, ग्राम प्रधान दिनेश कुमार यादव आदि सहित मौजूद रहे।
No comments