मंडई में आग लगने से तीन लोगों की मौत
आजमगढ़ रिपोर्ट
आजमगढ़ : देवगांव कोतवाली क्षेत्र में रविवार की दोपहर रिहायशी मड़ई में लगी आग से झुलस जाने से वृद्ध उसकी पौत्री व पौत्र की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि दो पुत्र व बहू आग से झुलस गईं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में कोहराम मचा हुआ है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के ताड़कडीह गांव निवासी 65 वर्षीय कन्हई पुत्र सोम्हारू के तीन पुत्र रामाश्रय, त्रिभुवन व प्रेमसागर हैं। तीनों पुत्रों की रिहायशी मड़ई एक दूसरे के अगल-बगल है। रविवार की दोपहर लगभग बारह बजे प्रेम सागर व रामाश्रय के रिहायशी मड़ई में रहस्यमय परिस्थिति में आग लग गयी। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग से झुलस जाने से कन्हई के अलावा उनकी पौत्री 15 वर्षीय कुमारी गंगा पुत्री प्रेमसागर व 6 वर्षीय पौत्र विशाल पुत्र प्रेमसागर की आग से झुलस कर मौत हो गयी। मृत कन्हई के दो पुत्र 43 वर्षीय प्रेम सागर व 45 वर्षीय त्रिभुवन के अलावा उसकी पुत्रवधू 40 वर्षीय सुशीला देवी पत्नी प्रेमसागर झुलस गयीं। दो मवेशी व तीन बकरियां भी जलकर मर गयीं। गृहस्थी के सामान खाक हो गए। झुलसे लोगों को लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। अग्निशमन दल के कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। रामाश्रय के पुत्र दीप गगन की 17 मई को शादी हुई थी। पुत्र के शादी में मिले सामान भी आग में जलकर राख हो गये। सूचना पाकर सीओ लालगंज अजय कुमार, तहसीलदार अरविंद कुमार पाठक, कोतवाल सुनील कुमार त्रिपाठी समेत अन्य राजस्वकर्मी मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।


No comments