संचारी रोग नियंत्रण अभियान का आयोजन 10 जून से
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 एके मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स के अन्तर्गत द्वितीय संचारी रोग नियंत्रण अभियान 10 जून से 25 जून 2019 तक आयोजन तथा संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु विभिन्न विभागों का उत्तरदायित्व निर्धारण करने हेतु बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के कार्यालयाध्यक्षों से कहा कि उपरोक्त से संबंधित अपनी कार्ययोजना बनाकर 04 जून 2019 तक उपलब्ध करा दें। उन्होने कहा कि 05 जून 2019 को प्राप्त हुए कार्ययोजना को डब्ल्यूएचओ/यूनीसेफ को उपलब्ध करा दिया जायेगा। उन्होने सभी संबंधित विभागों से कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करें तथा अभियान को सफल बनायें।
सीएमओ ने समस्त एमओआईसी को निर्देशित करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत के अन्तर्गत अभी तक जो गोल्डेन कार्ड वितरण होने से बचे हुए हैं, उसको आशा के माध्यम से लाभार्थी को वितरित कराना सुनिश्चित करें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही/शिथिलता बर्दाश्त नही की जायेगी। इसी के साथ ही उन्होने कहा कि जनपद में 01 लाख 14 हजार लाभार्थी परिवार हैं, जिसके अन्तर्गत 40 हजार गोल्डेन कार्ड बनाया जा चुका है, लेकिन अभी भी लगभग 70 हजार गोल्डेन कार्ड बनाया जाना बाकी है, इस हेतु समस्त एमओआईसी अपने संबंधित क्षेत्र के जन सेवा केन्द्रों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करें तथा उनको भी आयुष्मान भारत के अन्तर्गत लाभार्थी का गोल्डेन कार्ड बनाने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नम्बर 14555 पर फोन करके यह जानकारी प्राप्त कर सकता है कि आयुष्मान भारत के अन्तर्गत वह गोल्डेन कार्ड प्राप्त करने हेतु पात्रता की श्रेणी में है कि नही।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी वीबीडी एवं संचारी रोग डाॅ0 एके सिंह, डिप्टी सीएमओ डाॅ0 वाईके राय, समस्त संबंधित एडीशनल सीएमओ तथा एमओआईसी उपस्थित रहे।


No comments