योग करने आजमगढ़ आये निरहुआ का बड़ा बयान
आजमगढ़ रिपोर्ट
आजमगढ़ : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आजमगढ़ पहुंचे जिले की सदर लोकसभा से बीजेपी के प्रत्याशी रहे निरहुआ ने पहले योग किया और बाद में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने सपा पर जमकर हमला बोला। निरहुआ ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी ने मुझे बड़ी समझदारी के साथ यहां भेजा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रोकने के लिए गठबंधन बनाया गया था। उस गठबंधन के जो मुखिया थे, उनको मैंने आजमगढ़ में ऐसा घेरा कि उनका पूरा परिवार आजमगढ़ की सीट बचाने के लिए यहां आ गया। इस चक्कर में सपा यूपी की पूरी सीट हार गई और हम अपने मकसद में कामयाब हो गए।
आगे निरहुआ ने कहा कि अखिलेश यादव मायावती से गठबंधन किए थे और मैंने पहले ही कहा था कि यह गठबंधन चलने वाला नहीं है। यह ठगबंधन है। यह स्वार्थ में आकर किया गया है और यह टिकेगा नहीं। चुनाव खत्म होते ही यह गठबंधन टूट भी गया। निरहुआ ने कहा कि यह अलग बात है कि बड़े भईया अखिलेश यादव का जो कार्यालय है, वहां अभी भी बहन जी की फोटो लगी है। शायद उनको उम्मीद होगी, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह दोबारा उनका साथ देंगी। मै तो यहां बना रहूंगा वह रहेंगे की नहीं यह फैसला उनका है। निरहुआ ने आजमगढ़ जिले के विकास के बारे में बोलते हुए कहा कि वह सभी केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर आए हैं। आजमगढ़ की समस्याएं मंत्रियों के सामने रखी गई हैं। अन्य समस्याएं लोगों से समझकर उन्हें पूरा किया जाएगा। केन्द्र व प्रदेश में हमारी सरकार है तो विकास की जिम्मेदारी और जवाबदेही हमारी ही है और हम उसको निभाएंगे।



No comments