वृक्ष से अच्छा हमारा कोई मित्र नही
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में तहसील सगड़ी के विकास खण्ड महराजगंज तथा हरैया में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के साथ विकास कार्यक्रमों से संबंधित एक दिवसीय बैठक/कार्यशाला सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से कहा कि अपने ग्रामों में गांव के लोगों को मनरेगा के अन्तर्गत लाभान्वित करायें। उन्होने बताया कि 06 पशुओं को रखने हेतु शेड का निर्माण, तरल प्रबंधन, वर्मी कम्पोस्ट, किसानों को खुद के जमीन पर पेड़ लगाने और गड्ढ़ा खोदने और उसका संरक्षण आदि का कार्य मनरेगा से कराया जा सकता है। किसान अपने खेतों में नर्सरी भी मनरेगा के अन्तर्गत लगा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों को बताया कि आज खेतों में खाद तथा कीटनाशक दवाओं के ज्यादा प्रयोग होने से भूमि की उत्पादकता शक्ति में कमी आयी है। हम लोगों को भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए जैविक खेती तथा कीटनाशक दवाओं का कम से कम प्रयोग करने पर बल देना चाहिए। उन्होने कहा कि जैविकीय खेती करने से खेतों में फसलों के लिए एक तिहाई पानी की कम आवश्यकता पड़ेगी। उन्होने किसानों को शून्य लागत में खेती करने के तकनीक को भी बताया। उन्होने कहा कि इसी प्रकार जो खेतों में फसल अवशेष हैं, उनको जलाने से भूमि की उर्वरा शक्ति कम होती है तथा भूमि के अन्दर जो जीवाणु रहते हैं वो भी मर जाते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों, सेक्रेटरी को निर्देश दिये कि जिन ग्रामों में खेल के मैदान हैं, उनको खाली करायें और मनरेगा से कार्य कराकर खेलने योग्य बनायें, जिससे गांव की युवा पीढ़ी को उसका लाभ मिल सके। उन्होने ग्राम प्रधानों को पौधरोपण करने पर भी बल दिया, उन्होने कहा कि तालाबों, खेतों के मेढ़ पर, सार्वजनिक भूमि पर तथा नदियों के किनारे अधिक से अधिक पौधरोपण करने का प्रयास करें। उन्होने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि जितनी जनसंख्या है, उतने पेड़ होने चाहिए। हमें पेड़ अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्रता दिवस आदि त्यौहारों पर पेड़ लगायें। उन्होने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार है, वृक्ष से ही हम आक्सीजन लेते हैं, वृक्ष से अच्छा हमारा कोई मित्र नही है। इसी के साथ ही साथ उन्होने सेक्रेटरी को निर्देश दिये कि पौधरोपण हेतु जगह का चिन्हांकन करते हुए गड्ढ़ा खोदवाकर अधिक से अधिक पौधरोपण करना सुनिश्चित करें।
उन्होने कहा कि सामाजिक, आर्थिक, ग्रामीण परिवर्तन में ग्राम प्रधानों की अहम भूमिका होती है, अपने गांवों के विकास के लिए हम सभी को मिल जुलकर कार्य कर ने की जरूरत है। उन्होने ग्राम प्रधानों से कहा कि अपने ग्रामों में व्यक्तिगत लाभार्थियों को मनरेगा से जोड़कर उनको लाभान्वित करें। उन्होने कहा कि आपके गांव में जिन शौचालयों का निर्माण होना बाकि हैं तथा जो लाभार्थी बेस लाइन सर्वे सूची में नही है तथा शौचालय के पात्र लाभार्थी हैं, उनको भी शौचालय उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामों की सफाई के लिए सफाई कर्मियों से रोस्टर बनाकर ग्रामों की साफ-सफाई करायें।
इस अवसर पर डीडीओ रवि शंकर राय, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, उप जिलाधिकारी सगड़ी दिनेश कुमार मिश्रा, खण्ड विकास अधिकारी महराजगंज धनन्जय सिंह, ब्लाक प्रमुख महराजगंज रूदल सोनकर, खण्ड विकास अधिकारी हरैया सहित ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत अधिकारी उपस्थित रहे।



No comments